1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र: डिप्रेशन से जूझ रही महिला ने बेटी की हत्या करने के बाद की खुदकुशी

महाराष्ट्र: डिप्रेशन से जूझ रही महिला ने बेटी की हत्या करने के बाद की खुदकुशी

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 11, 2020 01:24 pm IST,  Updated : Jun 11, 2020 01:24 pm IST

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में डिप्रेशन से जूझ रही 30 साल की एक महिला ने अपने घर में नाबालिग बेटी की कथित तौर पर हत्या कर दी और फिर खुद भी जान दे दी। 

Depression, Depression Suicide, Depression Murder, Depression Killing Daughter, Maharashtra Suicide- India TV Hindi
घटना के वक्त मुंबई पुलिस में काम करने वाला महिला का पति ड्यूटी के लिए शाम को घर से निकला था। Image Source : PIXABAY REPRESENTATIONAL

ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में डिप्रेशन से जूझ रही 30 साल की एक महिला ने अपने घर में नाबालिग बेटी की कथित तौर पर हत्या कर दी और फिर खुद भी जान दे दी। सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर डी. वी. देशमुख ने बताया कि यह घटना बुधवार करीब आधी रात को बदलापुर शहर के चिरगांव में हुई। उन्होंने बताया कि मुंबई पुलिस में काम करने वाला महिला का पति ड्यूटी के लिए शाम को घर से निकला था। रात का भोजन करने के बाद महिला अपनी बेटी के साथ सोने के लिए बेडरूम में चली गई जबकि उसकी सास और भतीजा हॉल में ही सो गए।

‘बेडरूम से आई चीखने की आवाज, और फिर...’

रिपोर्ट्स के मुताबिक, बाद में उसकी सास को बेडरूम से चीखने की आवाज सुनाई दी लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। उसने दरवाजा तोड़ने की कोशिश की लेकिन इसमें कामयाब नहीं हो पाई। अधिकारी ने बताया कि इसके बाद उनके कुछ पड़ोसी आए और उन्होंने बेडरूम का दरवाजा तोड़ दिया और देखा कि 7 साल की लड़की मृत पड़ी है और उसकी गर्दन तथा पेट पर रसोई में इस्तेमाल होने वाले चाकू से कई वार किए जाने के निशान थे।

बच्ची के पास ही मिली महिला की लाश
उन्होंने बताया कि बच्ची के पास ही महिला भी मृत पड़ी थी और उसकी गर्दन पर चोट के निशान थे। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया, ‘शुरुआती जांच में मालूम चला कि महिला अवसाद में थी और इसी के चलते उसने इस घटना को अंजाम दिया।’ अधिकारी ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।