महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का हेलीकॉप्टर कल्याण के पास आंधी-तूफान में फंस गया। हालांकि, पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए हेलीकॉप्टर को सुरक्षित रूप से वापस मुंबई के जुहू एयरपोर्ट पर लैंड कराया। हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। घटना गुरुवार के दिन दोपहर के समय हुई। एकनाथ शिंदे शादी समारोह में जा रहे थे। उनके हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी, लेकिन खराब मौसम के कारण आगे नहीं जा सका। इसके बाद उन्होंने समारोह में जाने का फैसला बदल दिया।
जानकारी के अनुसार खराब मौसम और तेज आंधी-तूफान के कारण पायलट ने एहतियात के तौर पर चौपर को आगे न ले जाने का फैसला किया और उसे वापस मुंबई की ओर मोड़ दिया। जानकारी के मुताबिक, एकनाथ शिंदे मुंबई के एक महालक्ष्मी एयरपोर्ट से कल्याण के आगे मुरबाड में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में मौसम अचानक खराब हो गया, जिसके बाद यह घटना हुई।
एकनाथ शिंदे पूरी तरह सुरक्षित
मुरबाड इलाके में मौसम खराब होने के बाद आंधी-तूफान शुरू हो गया। खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर को वापस जुहू हेलीपैड पर उतारा गया। एकनाथ शिंदे और उनके साथ हेलीकॉप्टर में सवार सभी अधिकारी पूरी तरह से सुरक्षित हैं। डिप्टी चीफ मिनिस्टर एकनाथ शिंदे के ऑफिस की तरफ से कहा गया, "डिप्टी चीफ मिनिस्टर एकनाथ शिंदे का हेलीकॉप्टर आज दोपहर अपने तय रूट से हट गया। हालांकि, पायलट की समय पर सावधानी और सूझबूझ की वजह से, हेलीकॉप्टर को वापस मोड़ लिया गया और जुहू में पवन हंस हेलीपैड पर सुरक्षित रूप से लैंड कराया गया। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ, और डिप्टी सीएम शिंदे समेत हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं।"
पायलट की सूझबूझ से टला हादसा
शिंदे के ऑफिस की तरफ से कहा गया, "डिप्टी चीफ मिनिस्टर एकनाथ शिंदे आज मुंबई से मुरबाद अपनी पार्टी के एक पदाधिकारी के परिवार में शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। दोपहर करीब 3:30 बजे, हेलीकॉप्टर ने महालक्ष्मी रेसकोर्स के हेलीपैड से मुरबाद के लिए उड़ान भरी। हालांकि, ऐरोली पहुंचने के तुरंत बाद, पायलट ने एक तूफान आते हुए देखा। संभावित खतरे को भांपते हुए, पायलट ने तुरंत डिप्टी सीएम शिंदे को बताया और सलाह दी कि हेलीकॉप्टर को आगे बढ़ने के बजाय वापस मोड़ लेना चाहिए। फिर उन्होंने तुरंत रास्ता बदलने का फैसला किया। अगले कुछ मिनटों में, हेलीकॉप्टर पवन हंस हेलीपैड पर सफलतापूर्वक लैंड कर गया।"
यह भी पढ़ें-