1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख सीबीआई के सामने पेश हुए, परमबीर सिंह ने लगाए थे वसूली के आरोप

महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख सीबीआई के सामने पेश हुए, परमबीर सिंह ने लगाए थे वसूली के आरोप

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 14, 2021 11:37 am IST,  Updated : Apr 14, 2021 11:39 am IST

महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह द्वारा लगाए भ्रष्टाचार के आरोपों के संबंध में पूछताछ के लिए बुधवार को सीबीआई के समक्ष पेश हुए।

महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख सीबीआई के सामने पेश हुए, पमबीर सिंह ने लगाए थे वसूली के आ- India TV Hindi
महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख सीबीआई के सामने पेश हुए, पमबीर सिंह ने लगाए थे वसूली के आरोप Image Source : FILE

मुंबई:  महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह द्वारा लगाए भ्रष्टाचार के आरोपों के संबंध में पूछताछ के लिए बुधवार को सीबीआई के समक्ष पेश हुए। एक अधिकारी ने बताया कि देशमुख सुबह करीब 10 बजे उपनगर सांताक्रूज में डीआरडीओ के अतिथि गृह पहुंचे जहां केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की एक टीम डेरा डाले हुए है। 

उन्होंने बताया कि सीबीआई ने सोमवार को एक नोटिस जारी कर, देशमुख को परमबीर सिंह और निलंबित पुलिस अधिकारी सचिन वाजे द्वारा उनके खिलाफ लगाए आरोपों की जांच के सिलसिले में पेश होने के लिए कहा था। सहायक पुलिस इंस्पेक्टर वाजे दक्षिण मुंबई में उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर के पास एक एसयूवी कार मिलने के मामले में जांच के घेरे में हैं। इस कार में विस्फोटक सामग्री पाई गई थी। सीबीआई सिंह द्वारा देशमुख के खिलाफ लगाए गए आरोपों की प्रारंभिक जांच कर रही है। सिंह ने मुंबई के पुलिस आयुक्त पद से हटाए जाने के बाद ये आरोप लगाए। 

अधिकारियों ने पहले बताया था कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की हिरासत में वाजे ने भी इन आरोपों को दोहराया। बंबई उच्च न्यायालय ने पिछले हफ्ते सीबीआई को देशमुख के खिलाफ लगाए सिंह के आरोपों की प्रारंभिक जांच करने के निर्देश दिए थे। सिंह ने एक पत्र में दावा किया था कि देशमुख ने वाजे से मुंबई में स्थित बार और रेस्त्रां से एक महीने में 100 करोड़ रुपये की कथित वसूली करने के लिए कहा था। देशमुख ने आरोपों से इनकार कर दिया है। अभी तक सीबीआई ने परमबीर सिंह, सचिन वाजे, पुलिस उपायुक्त राजू भुजबल, सहायक पुलिस आयुक्त संजय पाटिल, वकील जयश्री पाटिल और होटल मालिक मुकेश शेट्टी के बयान दर्ज किए हैं। उसने रविवार को देशमुख के निजी सहायक कुंदन शिंदे और निजी सचिव संजीव पलांदे से भी पूछताछ की। 

इनपुट-भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।