1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले BJP को बड़ा झटका, सूर्यकांता पाटिल थामेंगी शरद पवार की पार्टी का दामन

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले BJP को बड़ा झटका, सूर्यकांता पाटिल थामेंगी शरद पवार की पार्टी का दामन

 Reported By: Atul Singh Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Jun 24, 2024 10:30 am IST,  Updated : Jun 24, 2024 10:59 am IST

महाराष्ट्र की दिग्गज नेता सूर्यकांता पाटिल ने 2014 में भारतीय जनता पार्टी से जुड़ी थीं। वह केंद्र में मंत्री भी रह चुकी हैं। बीजेपी से नाराजगी के चलते उन्होंने इस्तीफा दे दिया है।

सूर्यकांता पाटिल ने BJP से दिया इस्तीफा- India TV Hindi
सूर्यकांता पाटिल ने BJP से दिया इस्तीफा Image Source : FILE PHOTO- PTI

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री सूर्यकांता पाटिल ने बीजेपी से इस्तीफा दे दिया है। वह फिर से शरद पवार की पार्टी का दामन थामने वाली हैं। सूर्यकांता पाटिल साल 2014 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुई थीं। वह आज मुंबई के एनसीपी दफ्तर में शरद पवार की मौजूदगी में पार्टी का दामने थामेंगी। सूर्यकांता पिछले कुछ दिनों से बीजेपी से नाखुश चल रही थीं। सूर्यकांता पाटिल ने इस्तीफा देते हुए कहा कि उन्होंने पिछले 10 सालों में बहुत कुछ सीखा है। इसके लिए भारतीय जनता पार्टी की आभारी भी हैं। 

इस बात से सूर्यकांता पाटिल BJP से थीं नाराज

सूर्यकांता पाटिल ने हिंगोली लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी से टिकट मांगा था। टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने सोशल मीडिया पर सार्वजनिक रूप से अपनी नाराजगी भी जाहिर की थी। अब उन्होंने इस्तीफा दे दिया है। सूर्यकांता पाटिल ने चार बार सांसद और एक बार विधायक के रूप में हिंगोली-नांदेड़ निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया है। वह केंद्र सरकार में ग्रामीण विकास मंत्रालय में राज्य मंत्री थीं। इसके बाद उन्होंने संसदीय कार्य मंत्रालय में राज्य मंत्री का पद भी संभाला था।

राजनीति में सूर्यकांता पाटिल का लंबा करियर

सूर्यकांता पाटिल पहली बार 1980 में हदगांव निर्वाचन क्षेत्र से विधायक चुनी गई थीं। 1986 में सूर्यकांता पाटिल कांग्रेस से राज्यसभा गईं। वह 1991, 1998 और 2004 में तीन बार लोकसभा के लिए चुनी गईं।

  • 1970-1972 - जनसंघ नेता, भाजपा महिला अघाड़ी प्रमुख।
  • 1974 नांदेड़ पालिका के लिए नांदेड़ कांग्रेस उम्मीदवार (8 वर्षों तक पार्षद)
  • 1980 कांग्रेस के टिकट पर हदगांव विधान सभा से चुनाव जीता। 
  • 1980-1985 तक विधान सभा सदस्य)
  • 1986 राजीव गांधी उन्हें राज्यसभा ले गये। 
  • 1991 में नांदेड़ लोकसभा कांग्रेस से रिकॉर्ड 1 लाख 37 हजार वोटों से जीतीं ।
  • 1996 में हिंगोली ने कांग्रेस से लोकसभा चुनाव लड़ा और जीत हासिल की ।
  • 1999 में एनसीपी में शामिल हुई।
  • 1998 में हिंगोली ने एनसीपी से लोकसभा चुनाव लड़ा और जीत हासिल की ।
  • 2004 एनसीपी से लोकसभा सदस्य।
  • 2009 में एनसीपी से लोकसभा चुनाव हार गईं

साल 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस द्वारा राजीव सातव को हिंगोली से उम्मीदवार बनाए जाने के बाद वह बीजेपी में शामिल हो गई थीं। सोमवार दोपहर को वह एक बार फिर शरद पवार की पार्टी NCP में शामिल हो जाएंगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।