1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. हनुमान जयंती पर राज ठाकरे पुणे के मंदिर में करेंगे महाआरती, पार्टी ने जारी किया पोस्टर

हनुमान जयंती पर राज ठाकरे पुणे के मंदिर में करेंगे महाआरती, पार्टी ने जारी किया पोस्टर

 Reported By: Dinesh Mourya @dineshmourya4
 Published : Apr 15, 2022 02:09 pm IST,  Updated : Apr 15, 2022 02:09 pm IST

शनिवार को एमएनएस प्रमुख राज ठाकरे पुणे के खालकर चौक मारुति मंदिर में महाआरती करेंगे।

Raj Thackeray, MNS Chief- India TV Hindi
Raj Thackeray, MNS Chief Image Source : PTI

मुंबई : महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने हनुमान चालीसा को लेकर शुरू किए गए अपने आंदोलन को और आगे बढ़ाने का फैसला किया है। मुंबई और ठाणे के बाद एमएनएस अब इस आंदोलन को पुणे में तेज करेगी। इस सिलसिले में शनिवार को एमएनएस प्रमुख राज ठाकरे पुणे के खालकर चौक मारुति मंदिर में महाआरती करेंगे। एमएनएस ने दावा किया है कि शाम 6 बजे होनेवाली इस महाआरती में पार्टी के नेता, कार्यकर्ताओं के अलावा बड़ी संख्या में आम लोग शामिल होंगे। 

इस महाआरती के लिए बकायदा पोस्टर भी जारी किया गया है। इस पोस्टर में पर राज ठाकरे को 'हिंदु जन नायक' बताया गया है वहीं भगवान हनुमान को क्रोधित मुद्रा में दिखाया गया है। हालांकि राज ठाकरे के इस प्रखर हिंदुत्ववादी रूप से पार्टी के अंदर भी बगावती सुर उभरने लगे हैं। कई मुस्लिम नेताओं ने पार्टी छोड़ दी है। लेकिन राज ठाकरे मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने की मांग और हनुमान चालीसा के पाठ पर अड़े हुए हैं। 

ठाकरे के इस नए रूप का फायदा पार्टी को यह मिला है कि उनके बुझ चुके कार्यकर्ताओ में नई जान आ गई है और लगभग गायब हो चुके उनकी पार्टी एमएनएस के नेता एक बार फिर आंदोलन, बयानबाजी,पोस्टरबाजी करते नजर आने लगे हैं। 

Hanuman Jayanti Poster
Image Source : INDIA TVHanuman Jayanti Poster

आपको बता दें कि इससे पहले मुंबई और ठाणे की रैली में उन्होंने कहा था कि मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाए जाने चाहिए। ठाणे की रैली में उन्होंने इसके लिए महाराष्ट्र सरकार को तीन मई से पहले कार्रवाई करने का अल्टीमेटम दिया। ठाकरे ने अपनी रैली में कहा, ''प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस देश में समान नागरिक संहिता लागू करनी चाहिए।'' उन्होंने कहा कि जनसंख्या वृद्धि को रोकने के लिए एक कानून लाया जाना चाहिए। 

राज ठाकरे ने धमकी दी कि अगर शिवसेना के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने तीन मई से पहले मस्जिदों से लाउडस्पीकर नहीं हटाए तो मनसे कार्यकर्ता मस्जिदों के सामने हनुमान चालीसा बजाएंगे। उन्होंने कहा कि यह धार्मिक नहीं, बल्कि सामाजिक मुद्दा है क्योंकि लाउडस्पीकर से सभी को परेशानी होती है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।