1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. विदेश में रहने वाले शख्स ने अपनी पत्नी को किया वीडियो कॉल, फोन पर ही दिया तलाक

विदेश में रहने वाले शख्स ने अपनी पत्नी को किया वीडियो कॉल, फोन पर ही दिया तलाक

 Reported By: Saket Rai Edited By: Avinash Rai
 Published : Jan 04, 2025 12:59 pm IST,  Updated : Jan 04, 2025 12:59 pm IST

नवी मुंबई की एक महिला ने अपने पति पर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उसके पति ने वीडियो कॉल कर उसे तलाक दे दिया। महिला ने बताया कि उसके गहने भी उसके पति ने अपने पास रख लिए हैं।

Husband gave triple talaq to wife through video call woman alleges he used to harass her for dowry I- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : PTI

महाराष्ट्र के मुंबई में तीन तलाक का अजीबों-गरीब मामला सामने आया है। दरअसल एक महिला ने अपने पति पर आरोप लगाया है कि उसके पति ने वीडियो कॉल पर उसे तलाक दे दिया। पुलिस द्वारा दर्ज की गई शिकायत में नवी मुंबई की रहने वाली महिला ने अपने पति पर आरोप लगाया है कि उसका पति आकिब भाटी वाला यूके में नौकरी करता है। साल 2022 में दोनों ने मुस्लिम रीति-रिवाज से शादी की थी। विवाह के बाद वह मुंबई के वडाला में अपने ससुराल में रहती थी। फिर सास-सुसर के साथ वह यूके चली गई। उसने आरोप लगाया कि अमूमन दहेज को लेकर विवाद होता था और परिवार की तरफ से महिला को प्रताड़ित किया जाता था।

वीडियो कॉल के जरिए पति ने दिया तीन तलाक

पत्नी ने पुलिस को की गई शिकायत में बताया कि यूके में बहुत ज्यादा विवाद होने के बाद एक दिन आकिब के परिजनों ने आकिब की पत्नी के सभी जेवर अपने पास रख लिए और महिला को वापस भारत भेज दिया और उससे बातचीत बंद कर दी। फिर एक दिन महिला को उसके पति का फोन आया और उसने वीडियो कॉल के जरिए तीन बार तलाक बोलकर महिला को तलाक दे दिया। इस घटना के बाद महिला यूके गई लेकिन उन्होंने उसे घर में नहीं आने दिया। इसके बाद महिला ने पुलिस में अब शिकायत दर्ज कराई है। नवी मुंबई के एनआरआई सागरी पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कराया गया है।

पत्नी ने पति पर लगाया आरोप

पीड़िता ने एफआईआर दर्ज कराते हुए पुलिस को बताया कि उसके पति ने लगभग साढ़े 11 लाख रुपये के महिला के गहने अपने पास रखे हैं। बता दें कि इससे पूर्व ठाणे जिले में अपनी पत्नी को ‘तीन तलाक’ देने, उसके साथ मारपीट करने और पैसे के लिए उसे प्रताड़ित करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया था। शांति नगर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि भिवंडी इलाके में अपने पति के परिवार के साथ रह रही 26 वर्षीय महिला ने पुलिस के पास दर्ज कराई गई अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि मार्च 2022 से उसे प्रताड़ित किया जा रहा है। उसने आरोप लगाया कि आरोपी पति और उसके परिवार के सदस्यों ने शिकायककर्ता से 50,000 रुपये मांगे क्योंकि उन्हें उसकी शादी में दहेज नहीं दिया गया था। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके हाथ-पैर बांधकर उसकी पिटाई की और उसे जान से मारने की धमकी दी।

(इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।