मुंबई के मशहूर लालबागचा राजा गणेश पंडाल के पास एक व्यक्ति गुरुवार रात अचानक बेहोश होकर गिर गया। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि व्यक्ति की मौत क्यों हुई है, इसकी जांच की जा रही है। बीते दिनों एक अन्य व्यक्ति की भी मेडिकल इमरजेंसी की वजह से मौत हो गई थी। बता दें कि आज से ही पूरे महाराष्ट्र में गणेश प्रतिमा विसर्जन भी शुरू हो गया है, जिसे लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
बेहोश होकर गिरा शख्स
अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि मध्य मुंबई में लालबागचा राजा गणेश पंडाल के पास बेहोश होकर गिरने के बाद 68 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि यह घटना गुरुवार रात को हुई। लालबाग इलाके में यह दूसरी मौत है, जहां 12 दिनों तक चलने वाले गणेश उत्सव के दौरान भारी भीड़ उमड़ती है। कालाचौकी पुलिस स्टेशन से मिली जानकारी के आधार पर, नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि स्थानीय निवासी विजय आनेकर, लालबागचा राजा पंडाल के पास हनुमान मंदिर के पास बैठे हुए बेहोश हो गए।
डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
अधिकारी ने बताया कि आनेकर को परेल के ग्लोबल हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें "ब्रॉट डेड" (अस्पताल लाने से पहले ही मृत) घोषित कर दिया। उन्होंने कहा कि मौत का कारण तुरंत पता नहीं चल सका। इससे पहले, 17 सितंबर को पुणे के रहने वाले 25 वर्षीय जयदीप मेघराज नेमाडे की लालबागचा राजा गणपति पंडाल में मेडिकल इमरजेंसी के कारण मौत हो गई थी।
गणेश प्रतिमा का विसर्जन शुरू
बता दें कि मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र में आज से गणपति बप्पा का विसर्जन होगा, जिसे लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गणेश विसर्जन जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से हो, इसके लिए मुंबई भर में 24 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। साथ ही ट्रैफिक सही से चले, उसके लिए अधिकारियों ने ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की है। मुंबई के अलावा नागपुर में सुरक्षा की दृष्टि से 8500 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है।
विसर्जन की तैयारियां पूरी
नागपुर शहर में 225 जगहों पर करीब 447 कृत्रिम टैंक विसर्जन के लिए बनाए गए हैं और तालाबों में गणेश विसर्जन पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। गणेश विसर्जन की रैली में AI की पैनी नजर रहेगी, जिससे अपराधियों को भीड़ में भी पहचाना जा सकेगा। इसके अलावा तमाम सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन से निगरानी होगी। (इनपुट- पीटीआई)
यह भी पढ़ें-