महाराष्ट्र के जालना जिले में बड़ा हादसा हो गया। एक चीनी मिल में सल्फर टैंक फटने से दो लोगों की मौत हो गई। एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। जिले के एक अधिकारी ने ये जानकारी दी है। अधिकारी ने कहा कि यह दुर्घटना गुरुवार दोपहर को परतुर में बागेश्वरी चीनी कारखाने में हुई है।
मृतकों की हुई पहचान
अधिकारी ने कहा कि जब चीनी मिल में काम चल रहा था, तब एक सल्फर टैंक में विस्फोट हो गया। मृतकों की पहचान सिंदखेडराजा निवासी अशोक तेजराव देशमुख (56) और परतुर निवासी अप्पासाहेब शंकर पारखे (42) के रूप में हुई है। एक व्यक्ति घायल होने के कारण अस्पताल में भर्ती है।
कैसे फटा टैंक? लगाया जा रहा पता
वहीं, इस मामले पर परतुर पुलिस ने कहा कि आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। चीनी मिल में सल्फर का टैंक कैसे फटा? इस मामले की जांच की जा रही है। चीनी कारखाने के अधिकारियों से पूछताछ के बाद ही हादसे के कारणों का पता चल सकेगा।
सरकारी नौकरी पाने के लिए जाली पत्र का इस्तेमाल
वहीं, दूसरी ओर महाराष्ट्र में सरकारी नौकरी पाने के लिए जालसाजी का मामला सामने आया है। आबकारी विभाग में नौकरी पाने के लिए एक सरकारी अधिकारी के नाम वाले जाली पत्र का इस्तेमाल किए जाने के आरोप में ठाणे पुलिस ने मामला दर्ज किया है। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने कहा कि पिछले साल ठाणे के सरकारी अस्पताल को आबकारी विभाग के एक शीर्ष अधिकारी की मुहर और नाम वाला एक फर्जी पत्र भेजा गया था। इस पत्र में विभाग के लिए चयनित दो उम्मीदवारों का चिकित्सा परीक्षण करने के निर्देश दिए गए थे।
इस तरह हुआ जालसाजी का खुलासा
पुलिस अधिकारी ने कहा कि चिकित्सा परीक्षण कराए जाने के बाद उसमें से एक उम्मीदवार को जिले के मुरबाद में तथा दूसरे को शाहपुर क्षेत्र में आबकारी उपनिरीक्षक के पद पर नियुक्त किया गया। बाद में मिली एक शिकायत में नियुक्ति से संबंधित धोखाधड़ी और दस्तावेजों में जालसाजी का खुलासा हुआ। अधिकारी ने बताया कि वागले एस्टेट थाने में बृहस्पतिवार को राज्य आबकारी अधीक्षक की शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला दर्ज किया गया और जांच की जा रही है।
पीटीआई के इनपुट के साथ