मुंबईः केतन अग्रवाल हत्याकांड में आरोपी सिया गोयल पर मीडिया की तरफ मिडल फिंगर दिखाने के आरोपों पर सिया के परिवार ने इस मामले में सफाई दी है। सिया के पिता प्रवीण गोयल का कहना है कि परसों जब सिया को उसके घर पुलिस जांच के लिए लाई थी, उसे दौरान पुलिस वैन के दरवाजे में उसकी दो उंगलियां दब गई थी। इस वजह से वह अनकंफरटेबल स्टेट में थी और चोट लगने की वजह से उसने उंगली सीधी कर रखी थी। परिवार का कहना है कि यह बात पुणे ग्रामीण पुलिस से वेरीफाई की जा सकती है।
प्रवीण गोयल ने सोशल मीडिया पर चल रहे दावों को पूरी तरह से 'घटिया' और आधारहीन बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सिया ने किसी भी तरह का कोई गलत इशारा नहीं किया था। प्रवीण गोयल ने कहा कि सोशल मीडिया पर जो यह सवाल उठ रहे हैं कि सिया पुलिस के सामने कुछ उंगली जैसा इशारा दिखा रही है, वास्तव में ऐसा कुछ भी नहीं है।
सिया के पिता ने सबूत के तौर पर दिखाई तस्वीर
अपनी बात को सच साबित करने के लिए प्रवीण गोयल ने मीडिया के सामने अपने मोबाइल में सिया की उंगली की एक तस्वीर भी दिखाई। उन्होंने बताया कि चोट लगने के कारण सिया के एक हाथ पर बैंडेज (पट्टी) बंधी हुई है, जबकि उसकी दूसरी उंगली पूरी तरह से सूजी हुई है और उसका नाखून भी पूरी तरह से नीला पड़ चुका है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर इस गंभीर स्थिति को बेहद ही गलत और घटिया तरीके से पेश किया जा रहा है, जो कि बिल्कुल सही बात नहीं है।
क्या है मामला
दरअसल, गुरुवार को पुणे रूरल पुलिस जांच के सिलसिले में सिया गोयल को पुणे के मार्केट यार्ड इलाके में उनके घर ले गई थी। तलाशी और सबूत इकट्ठा करने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सिया ने घर के बाहर इंतज़ार कर रहे पत्रकारों को 'मिडल फिंगर' दिखाई। वीडियो वायरल होने के बाद आरोप लगे कि सिया ने मीडिया को देख गंदे इशारे किए। कई लोगों ने उनके व्यवहार पर सवाल उठाए और न्याय व्यवस्था पर भी टिप्पणियां कीं।
यहां देखें वीडियो
सिया और उसके प्रेमी पर केतन को मारने का है आरोप
बता दें कि सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी पर 18 जून को पुणे ज़िले के लोहागढ़ किले में 25 वर्षीय केतन अग्रवाल को पहाड़ी से धक्का देकर मारने का आरोप है। रियल एस्टेट का काम करने वाले केतन अग्रवाल की सगाई सिया गोयल से हुई थी और दोनों की शादी इस साल नवंबर में होने वाली थी। पॉलीग्राफ टेस्ट कराने से इनकार करने के बाद वह अभी 14 दिन की न्यायिक हिरासत में है।
पुणे पुलिस ने कोर्ट को बताया कि उन्होंने आरोपियों के फोन से डिलीट किया गया डेटा रिकवर किया है, जिसमें कोड वर्ड्स, निकनेम और इमोजी में लिखी गई कथित चैट शामिल हैं। जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या ये बातचीत कथित साज़िश में किसी तीसरे व्यक्ति की भूमिका की ओर इशारा करती हैं।
ये भी पढ़ेंः केतन की हत्या के लिए सिया और चेतन ने क्या की थी प्लानिंग? SnapChat, डिलीट की गई चैट में मिले सबूत
केतन हत्याकांड के मिले सबूत, 'कोड वर्ड और निकनेम', फोन पर कैसे बात करते थे सिया और चेतन?