पुणे/महाराष्ट्र: महाराष्ट्र के चर्चित केतन मर्डर केस में सिया गोयल के बाद अब आरोपी चेतन को लेकर पुलिस लोहागढ़ किले पर पहुंची और इस खौफनाक वारदात के क्राइम सीन को रीक्रिएट किया। जांच टीम मामले की कड़ियों को जोड़ने और सबूतों को पुख्ता करने के लिए इससे पहले सिया गोयल के साथ भी क्राइम सीन रिक्रिएट कर चुकी है।
घटनास्थल पर लेकर पहुंची पुलिस
जानकारी के मुताबिक मामले की जांच कर रही टीम आरोपी चेतन चौधरी को लेकर लोहागढ़ किले के अंदर उस सटीक स्थान पर पहुंची थी, जहां से केतन को नीचे फेंका गया था। इसके बाद पुलिस ने पूरी मुस्तैदी के साथ क्राइम सीन को रीक्रिएट किया। इस पूरी प्रक्रिया को अंजाम देने के लिए पुलिस ने केतन के वजन से बिल्कुल मिलता-जुलता फाइबर का एक पुतला तैयार किया था। आरोपी चेतन चौधरी के सामने ही जांच टीम ने उस पुतले को 300 फीट गहरी खाई में गिराकर पूरे घटनाक्रम का लाइव रीकंस्ट्रक्शन किया गया।
हत्याकांड की एक-एक गुत्थी सुलझाने का प्रयास जारी
पुलिस जब लोहगढ़ किले पर चेतन को लेकर पहुंची तो गेट से लेकर धक्का देने के प्वाइंट तक पुलिस ने चेतन चौधरी से बेहद बारीकी और कड़ाई से पूछताछ की। इस दौरान केतन को कई जगहों पर रोककर उससे पूछताछ भी की गई। पुलिस ने इस चर्चित हत्याकांड की एक-एक गुत्थी को सुलझाने का प्रयास कर रही है।
सिया के साथ भी क्राइम सीन क्रिएट कर चुकी है पुलिस
बता दें कि पुलिस चेतन से पहले सिया को भी अपने साथ लेकर लोहागढ़ किले में इस क्राइम स्पॉट तक पहुंची थी। सिया की मौजूदगी में क्राइम सीन रीक्रिएट किया गया था। अब चेतन चौधरी के बयान और मौके पर मिले साक्ष्यों का मिलान करने के लिए यह दूसरी बड़ी कवायद की गई है।
18 जून को हुई केतन की हत्या
बता दें कि पुणे जिले के ऐतिहासिक लोहागढ़ किले में हुए केतन अग्रवाल मर्डर केस ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। 18 जून को हुई इस घटना को शुरुआत में महज़ एक ट्रैकिंग हादसा माना जा रहा था लेकिन पुलिस जांच में जो खुलासे हुए उसने सबको चौंका दिया।
पुलिस जांच में पता चला कि सिया गोयल ने अपने एक साथी चेतन चौधरी के साथ मिलकर मंगेतर केतन अग्रवाल को लोहागढ़ किले से गहरी खाई में धक्का दे दिया था। पुलिस ने कॉल डेटा खंगाला तो पता चला कि पिछले 6 महीने में सिया और चेतन के बीच 2,004 बार फोन पर बात हुई थी।
14 जून को भी की थी हत्या की कोशिश
सिया ने इससे पहले 14 जून को भी केतन को इसी किले से धक्का देने की कोशिश की थी लेकिन केतन बच गया था। तब सिया ने सांप होने का नाटक किया था। लेकिन 18 जून को रची गई खौफनाक साजिश से केतन बच नहीं सका और उसे खाई में धक्का दे दिया और हादसा बताने की कोशिश की। लेकिन पुलिस ने शक के आधार पर जब मामले की जांच शुरू की तो सिया और चेतन की खूनी साजिश का पता चला। इस बीच जांच के क्रम में पुलिस आज केतन के वजन और कद से मिलता-जुलता एक फाइबर का पुतला तैयार कर उसे आरोपियों के सामने उसी 400 फीट गहरी खाई में गिराया गया, ताकि कोर्ट में आरोपियों के खिलाफ वैज्ञानिक और पुख्ता सबूत पेश किए जा सकें।
इनपुट-समीर शेख, पुणे
ये भी पढ़ें:
सगाई से लेकर 18 जून की खौफ़नाक सुबह तक, सिया के पिता ने बताया पूरा घटनाक्रम, जानिए मां ने क्या कहा?
'सिया चेतन को छोड़कर केतन से शादी करना चाहती थी', संदेह के घेरे में साहिल, जानें क्या क्या बताया?