1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र चुनाव: BJP छोड़ेंगे नारायण राणे के बेटे नीलेश, शिवसेना में शामिल होंगे, इस सीट से लड़ेंगे

महाराष्ट्र चुनाव: BJP छोड़ेंगे नारायण राणे के बेटे नीलेश, शिवसेना में शामिल होंगे, इस सीट से लड़ेंगे

 Published : Oct 22, 2024 06:59 pm IST,  Updated : Oct 22, 2024 07:11 pm IST

महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। सभी दल अपनी तैयारियों में जुटे हुए हैं। इस बीच भाजपा नेता नीलेश राणे ने पार्टी छोड़ने का ऐलान किया है। नीलेश ने शिवसेना में शामिल होने की बात कही है।

नीलेश राणे।- India TV Hindi
नीलेश राणे। Image Source : SOCIAL MEDIA

महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव 2024 के लिए सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी तैयारियों में लगे हुए हैं। महायुति और महा विकास अघाड़ी दोनों गठबंधन जल्द ही अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा करने जा रहे हैं। हालांकि, चुनाव से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी के सांसद नारायण राणे के बेटे नीलेश राणे ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि वह भाजपा छोड़कर एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल होने जा रहे हैं।

कुदाल से लड़ेंगे चुनाव

नीलेश राणे ने मंगलवार को इस बात की जानकारी दी है कि वह एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल होंगे। नीलेश ने बताया है कि वह महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कुदाल सीट से चुनाव लड़ेंगे। सूत्रों के मुताबिक, महायुति गठबंधन में हुए सीट बंटवारे के तहत कुदाल सीट शिवसेना के खाते में जाएगी। यही कारण है कि नीलेश भाजपा से शिवसेना में शामिल होंगे।

जानें कुदाल सीट के बारे में

महाराष्ट्र की कुदाल विधानसभा सीट रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग लोकसभा क्षेत्र के तहत आती है। इस सीट से वर्तमान में भाजपा के नारायण राणे सांसद हैं। कुदाल से सटी हुई कंकावली विधानसभा सीट है जहां से नीलेश राणे के छोटे भाई और भाजपा नेता नीतेश राणे विधायक हैं। कुदाल विधानसभा सीट से शिवसेना (यूबीटी) के नेता वैभव नायक वर्तमान में विधायक हैं।

नीलेश राणे का राजनीतिक करियर

नीलेश राणे पहले कांग्रेस में थे। उन्होंने साल 2009 में रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग सीट से लोकसभा का चुनाव जीता था। इसके बाद 2014 में वह भाजपा में शामिल हो गए लेकिन 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके कुछ समय बाद नीलेश राणे ने सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा कर दी थी। हालांकि, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने उनसे मुलाकात की थी और इसके बाद नीलेश राणे ने पार्टी के लिए काम करना जारी रखने की बात कही थी। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- हिंगना सीट से BJP प्रत्याशी समीर मेघे लगाएंगे हैट्रिक? MVA को लेकर कह दी ये बड़ी बात

बॉम्बे हाई कोर्ट से पूर्व पुलिस अधिकारी सचिन वाजे को बड़ी राहत, मिली जमानत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।