महाराष्ट्र सरकार ने वरिष्ठ नेता स्वर्गीय अजितदादा अनंतराव पवार की जयंती को वर्ष 2026 से राज्य सरकार द्वारा आधिकारिक रूप से मनाई जाने वाली राष्ट्रपुरुषों एवं महान विभूतियों की जयंतियों की सूची में शामिल करने का निर्णय लिया है। सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने बुधवार को इस संबंध में सरकारी परिपत्र जारी किया। इससे एक दिन पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के वरिष्ठ नेता एवं मंत्री छगन भुजबल तथा हसन मुश्रीफ ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को ज्ञापन सौंपकर स्वर्गीय अजितदादा पवार की जयंती को सरकारी मान्यता देने की मांग की थी।
जयंती पूरे महाराष्ट्र में मनाई जाएगी
महाराष्ट्र सरकार की ओर से जारी किए गए परिपत्र के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को स्वर्गीय अजितदादा पवार की जयंती पूरे महाराष्ट्र में मनाई जाएगी। इस अवसर पर मंत्रालय सहित राज्य के सभी शासकीय एवं अर्धशासकीय कार्यालयों में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी जाएगी। राज्य के सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों में भी जयंती के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्लेन क्रैश में हुआ था निधन
आपको बता दें कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निधन इस साल की शुरुआत में 28 जनवरी को एक प्लेन क्रैश में हो गया था। अजित पवार चुनावी सभा के लिए मुंबई से अपने गृह नगर बारामती जा रहे थे। हालांकि, बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग की कोशिश में उनका विमान क्रैश हो गया। इस हादसे में अजित पवार समेत 5 लोगों की मौत हो गई थी। अजित पवार के प्लेन क्रैश को लेकर AAIB की रिपोर्ट सामने आई थी। इसमें हादसे के दौरान की अहम जानकारियां दी गई थीं।
किस तारीख को मनेगी जयंती?
सरकार ने सभी संभागीय आयुक्तों और जिला कलेक्टरों को अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रमों के समुचित आयोजन और प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए हैं। परिपत्र में स्वर्गीय अजितदादा पवार के लोकसेवा तथा महाराष्ट्र के विकास में दिए गए योगदान का उल्लेख किया गया है। प्रशासनिक दक्षता, आधारभूत संरचना के विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के प्रयासों के लिए उन्हें व्यापक सम्मान प्राप्त था। राज्य सरकार के इस निर्णय के साथ अब प्रत्येक वर्ष 22 जुलाई को स्वर्गीय अजितदादा पवार की जयंती महाराष्ट्र में सरकारी स्तर पर आधिकारिक रूप से मनाई जाएगी।
ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र में सियासी हलचल, NCP की प्रमुख कैसे बनीं सुनेत्रा पवार? पार्टी नेता ने ही भेजा कानूनी नोटिस