महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में क्राइम ब्रांच ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार, क्राइम ब्रांच की यूनिट-7 ने अवैध हथियारों की सप्लाई के खिलाफ एक्शन लेते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से दो ऑटोमेटिक पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।
कैसे पकड़ा गया आरोपी?
जानकारी के अनुसार, क्राइम ब्रांच को गोपनीय सूचना मिली थी कि साकीनाका इलाके में हथियार और कारतूस बेचने के लिए एक व्यक्ति घाटकोपर पश्चिम के असल्फा स्थित होटल अशोका इन में ठहरा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाया और होटल के पास से आरोपी को हथियारों के साथ दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ साकीनाका पुलिस स्टेशन में आर्म्स एक्ट और महाराष्ट्र पुलिस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। बाद में केस को आगे की जांच के लिए क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया।
आरोपी के खिलाफ यूपी में मामले दर्ज
क्राइम ब्रांच की ओर से की गई प्राथमिक जांच में जानकारी सामने आई है कि आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश के शाहपुर और खोराबाद, जिला गोरखपुर में हत्या के दो मामले दर्ज हैं। दोनों मामलों में हथियार के इस्तेमाल की बात सामने आई है। इसके अलावा आरोपी के खिलाफ यूपी के महाराजगंज जिले के समदे उलवा थाने में लूट का मामला भी दर्ज है। अब क्राइम ब्रांच इस बात का पता लगाने में जुटी हुई है कि आरोपी ने मुंबई में ये हथियार किससे खरीदे थे और वह इन्हें किसे सप्लाई करने वाला था। वहीं, पुलिस हथियारों की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है। खबर अपडेट हो रही है...
मिलावटी दूध बेचने वालों पर भी कार्रवाई
दूसरी ओर सोमवार को मुंबई क्राइम ब्रांच ने मिलावटी दूध बेचने वालों के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई की है। क्राइम ब्रांच ने मुंबई के दहिसर इलाके में नामी कंपनियों के दूध में गंदा पानी मिलाकर बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। जानकारी के अनुसार, अमूल गोल्ड, अमूल ताजा और गोकुल जैसी कंपनियों के दूध के पैकेट काटकर उसमें से दूध निकालकर, उसकी जगह गंदा पानी मिलाकर पैकेट को दोबारा सील कर के उसे बेचने की तैयारी की जा रही थी।
ये भी पढ़ें- घर के अंदर पत्नी ने बनाई कब्र, बेहोश पति को जिंदा दफनाने वाली थी; मजदूरों को हुआ शक और पहुंच गई पुलिस