1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. नागपुर में रहस्यमयी ढंग से गायब हो गए एक ही परिवार के 5 लोग, सभी लोग हैरान, पुलिस मामले को सुलझाने में जुटी

नागपुर में रहस्यमयी ढंग से गायब हो गए एक ही परिवार के 5 लोग, सभी लोग हैरान, पुलिस मामले को सुलझाने में जुटी

 Reported By: Yogendra Tiwari Edited By: Subhash Kumar
 Published : Jul 07, 2026 02:29 pm IST,  Updated : Jul 07, 2026 02:29 pm IST

नागपुर से रहस्यमयी ढंग से गायब हुए परिवार (5 सदस्य) का अब तक कुछ पता नहीं चल पाया है। परिवार की लास्ट लोकेशन पुणे में पाई गई थी। नागपुर पुलिस की एक टीम पुणे रवाना की गई है।

Nagpur family mysteriously disappeared- India TV Hindi
नागपुर में लापता परिवार का नहीं मिल रहा सुराग। Image Source : REPORTER

महाराष्ट्र के नागपुर के धंतोली परिसर में रहने वाले एक पूरे परिवार के पांच सदस्य अचानक गायब हो गए। उनके अचानक गायब हो जाने से रिश्तेदार और स्थानीय नागरिक काफी परेशान हो गए हैं। मां और बच्चों के साथ अचानक गायब हुए दंपति की हर जगह तलाश की गई, जब उनका कहीं पता नहीं लगा तो धंतोली पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। धंतोली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पांच लोग जिनमें एक नाबालिग बच्चा भी है, घर से अचानक गायब हो गए। जानकारी के अनुसार, उन लोगों ने नागपुर के धंतोली निवास पर कैब बुलाई एवं उसमे बैठकर ये लोग निकल पड़े।

कैब चालक की तलाश

महाराष्ट्र के नागपुर के इस मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई। पुलिस ने एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड के रास्ते के तमाम सीसीटीवी फुटेज को खंगाला लेकिन कहीं सुराग नहीं मिलने के बाद नागपुर पुलिस ने उस कैब चालक को ढूंढना शुरू किया जिसमें ये लोग सवार होकर गए थे। पुलिस ने जांच तो शुरू कर दी है लेकिन परिवार के पांच सदस्यों का कोई सुराग नहीं मिला है। 24 जून से यह परिवार नागपुर से लापता है।

कब से लापता है परिवार?

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 जून की शाम 6:00 बजे सुरेश परसावनी की पत्नी हर्षा सुरेश परसावनी, बेटा जितेंद्र परसावनी, बहू इशिता जितेंद्र परसावनी, पोती खुशी जितेंद्र परसावनी और 12 वर्षी पोता एक साथ घर से निकले जिनका अब तक पता नहीं चला है। उनके पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदारों ने 29 जून को धंतोली थाने में उनकी गुमशुदगी की शिकायत की।

पुणे में आखिरी लोकेशन मिला 

धंतोली थाने के पुलिस निरीक्षक साइंनाथ रामोड ने बताया कि परसावनी परिवार की तलाश पुलिस हर एंगल से कर रही है। पुलिस ने उनके फोन का लोकेशन खंगालना शुरू कर दिया है। आखिरी बार पुणे में उनका लोकेशन मिला था। प्रारंभिक जांच में परिवार के कर्ज से परेशान होने की बात सामने आई है, लेकिन अभी तक कोई खुलकर सामने नहीं आ रहा है। इस मामले में रिश्तेदार भी चुप्पी साधे हुए हैं। पुलिस को जैसे ही मोबाइल से  पुणे का लोकेशन मिला, उन्होंने तुरंत पुणे पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुणे पुलिस भी इस केस की जांच में जुट गई है। कुछ देर के लिए फोन शुरू करने के बाद सभी ने अपना फोन स्विच ऑफ कर दिया, इसलिए अब तक पुलिस उन तक नहीं पहुंच पाई है।

सभी के मोबाइल स्विच ऑफ

जानकारी के अनुसार, धंतोली थाना क्षेत्र के बलराज मार्ग स्थित दुर्गा सदन में रहस्यमय ढंग से लापता हुआ परसावनी परिवार निजी ट्रेवल बस से पुणे के लिए रवाना हुआ था। लापता परिवार का अब तक कुछ पता नहीं चल सका है। सभी के मोबाइल स्विच ऑफ हैं। धंतोली थाने ने इस मामले की जांच के लिए एक टीम पुणे रवाना की है। पुणे पुलिस एवं नागपुर पुलिस इस मामले की तहकीकात कर रही है। इस बीच पुलिस को जानकारी मिली है कि कुछ स्थानों पर उन्होंने कुछ खरीदारी की है और उसकी पेमेंट यूपीआई के जरिए की गई है। इसके साथ ही उन्होंने एटीएम का भी इस्तेमाल किया है। धंतोली थाने के पुलिस निरीक्षक को विश्वास है कि पुलिस इस मामले की गुत्थी दो-तीन दिनों में सुलझा लेगी और परिवार को सकुशल नागपुर ले आएगी।

ये भी पढ़ें- मुंबई में 10वीं मंजिल से गिरने से 12 साल के बच्चे की मौत, लिफ्ट से टेक लगाकर खड़ा था, अचानक खुल गए दरवाजे

डोंबिवली की मशहूर 'कैलास लस्सी' दुकान में भीषण आग, खिड़की से कूदकर कर्मचारियों ने बचाई जान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।