1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र में भीषण गर्मी का कहर! हीटस्ट्रोक के 39 मामले दर्ज, लातूर में 3 लोगों की मौत

महाराष्ट्र में भीषण गर्मी का कहर! हीटस्ट्रोक के 39 मामले दर्ज, लातूर में 3 लोगों की मौत

 Reported By: Sachin Chaudhary Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Apr 29, 2026 09:22 am IST,  Updated : Apr 29, 2026 09:22 am IST

Heatstroke Cases Maharashtra Report: महाराष्ट्र में बढ़ती गर्मी के कारण लोग डिहाइड्रेशन, चक्कर आने और थकावट जैसी परेशानियों से जूझ रहे हैं। हीटस्ट्रोक के बड़ी संख्या में मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। पिछले दिनों, 3 लाख से ज्यादा मरीज इलाज के लिए अस्पतालों में पहुंचे।

maharashtra heatwave heatstroke- India TV Hindi
महाराष्ट्र में हीटस्ट्रोक के मरीजों की संख्या बढ़ी। Image Source : PTI (प्रतीकात्मक फोटो)

Maharashtra Heatwave News 2026: महाराष्ट्र में भीषण गर्मी का असर अब लोगों की सेहत पर साफ दिखने लगा है। 1 मार्च से 20 अप्रैल 2026 के बीच जारी हेल्थ विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, महाराष्ट्र में हीटस्ट्रोक यानी लू के कुल 39 मामले सामने आए हैं, जबकि एक संदिग्ध मौत भी दर्ज की गई है। यहां बढ़ते Temperature और चिलचिलाती धूप की वजह से लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है।

इलाज के लिए पहुंचे 3 लाख से ज्यादा मरीज

रिपोर्ट के मुताबिक, इस दौरान महाराष्ट्र भर के अस्पतालों में कुल 3 लाख 34 हजार 468 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। हालिया के दिनों में ही हीटस्ट्रोक के 8 नए मामले सामने आए हैं। इसके अलावा, 108 मौतें कार्डियोवैस्कुलर यानी दिल से जुड़ी कारणों से दर्ज की गई हैं, जिससे कुल मौतों का आंकड़ा 109 तक पहुंच गया है।

भयानक गर्मी रखें इन बातों का खास ख्याल

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, ज्यादा पानी पीने और सावधानी बरतने की सलाह दी है। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है, जिससे हीटस्ट्रोक के मामलों में इजाफा हो सकता है।

लातूर जिले में हीटस्ट्रोक से एक और मौत

लातूर जिले में तेज गर्मी के कारण खेत से घर लौटने के बाद एक शख्स चक्कर खाकर गिर पड़ा। एरंडी गांव के 25 साल के युवक की मौत हो गई। चार दिन पहले गोंद्री गांव में 9 महीने के बच्चे की मौत हुई थी। इसी सप्ताह निलंगा तालुका के औराद शहाजी में एक किसान की भी मौत हुई थी। जिले में अब तक हीटस्ट्रोक से 3 लोगों की जान जा चुकी है।

तेज धूप से लौटे किसान की गई जान

औसा तालुका के एरंडी गांव निवासी 25 साल के महेश लिंबाजी इंगोले खेत से तेज धूप में घर लौटे थे। घर के आंगन में टंकी से पानी लेकर हाथ धोते समय उन्हें चक्कर आया और वे जमीन पर गिर पड़े। इलाज के लिए औसा ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।

गौरतलब है कि मौसम विभाग ने आगामी दिनों में तापमान और बढ़ने की आशंका जताई है। ऐसे में हीटस्ट्रोक के केस में और बढ़ोतरी हो सकती है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लगातार हालात पर नजर रख रहे हैं और लोगों से अनुरोध कर रहे हैं कि वे सावधानी रहें, ताकि इस भयानक गर्मी के असर से खुद को सुरक्षित रख पाएं।

(इनपुट- आसिफ पटेल)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।