बुलढाणा: महाराष्ट्र के बुलढाणा से शिंदे गुट के विधायक संजय गायकवाड़ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि जो भी राहुल गांधी की जीभ काटकर लाएगा, उसे 11 लाख रुपए का इनाम दिया जाएगा।
Related Stories
संजय गायकवाड़ ने और क्या कहा?
संजय गायकवाड़ ने राहुल गांधी के अमेरिका में आरक्षण को लेकर दिए बयान पर उनकी जीभ काटने वाले को 11 लाख के इनाम की घोषणा की। विधायक गायकवाड़ ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर दलितों और आदिवासियों के आरक्षण को खत्म करने की साजिश का आरोप लगाया है।
गायकवाड़ ने कहा कि महाराष्ट्र और देश के पिछड़े और दबे हुए दलितों, आदिवासियों और ओबीसी के लोगों को संविधान में बाबासाहेब अंबेडकर ने आरक्षण दिया है। ऐसे में कांग्रेस के नेता राहुल गांधी विदेश में जाकर आरक्षण खत्म करना है, ऐसा बयान देते हैं।
गायकवाड़ ने कहा कि इसका मतलब है कि कांग्रेस ने अपना सही चेहरा लोगों को दिखा दिया है। इनके पेट में दर्द हो रहा है। लोकसभा चुनाव के दौरान मोदी संविधान बदल देंगे। ऐसा फेक और नेगेटिव नैरेटिव फैलाया गया और वोट लिया। आज ये ओबीसी, दलित और आदिवासियों के आरक्षण को खत्म करने की बात कह रहे हैं। गायकवाड़ ने साफ कहा कि जीभ जो काटेगा, मैं उसे 11 लाख रुपये इनाम दूंगा।