1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. कुणाल कामरा के लिए एक और मुसीबत, महाराष्ट्र विधान परिषद ने स्वीकार किया विशेषाधिकार हनन का नोटिस

कुणाल कामरा के लिए एक और मुसीबत, महाराष्ट्र विधान परिषद ने स्वीकार किया विशेषाधिकार हनन का नोटिस

 Edited By: Mangal Yadav
 Published : Mar 27, 2025 10:06 pm IST,  Updated : Mar 27, 2025 10:10 pm IST

भाजपा नेता सुधीर मुनगंटीवार ने विधानसभा की विशेषाधिकार समिति के सदस्यों के नाम जल्द घोषित करने का आग्रह किया। पीठासीन अधिकारी संजय केलकर ने कहा कि अध्यक्ष राहुल नार्वेकर नोटिस पर निर्णय लेंगे।

स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा - India TV Hindi
स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा Image Source : X@KUNALKAMRA88

मुंबईः स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा नई मुसीबत में फंसते नजर आ रहे हैं। कामरा के खिलाफ महाराष्ट्र विधान परिषद ने विशेषाधिकार हनन नोटिस स्वीकार कर लिया है। नोटिस में उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना की नेता सुषमा अंधारे का भी नाम है। महाराष्ट्र विधान परिषद के सभापति राम शिंदे ने बताया कि उन्होंने ‘गद्दार’ शब्द के जरिये कटाक्ष को लेकर कुणाल कामरा के खिलाफ विशेषाधिकार हनन नोटिस स्वीकार कर लिया है और इसे विशेषाधिकार समिति के पास भेज दिया है। प्रस्ताव के संबंध में आगे की कार्रवाई समिति द्वारा तय की जायेगी।

भाजपा नेता ने विधान परिषद में दिया नोटिस

यह नोटिस बुधवार को भाजपा के विधान परिषद सदस्य प्रवीण दरेकर द्वारा पेश किया गया था, जो सदन के नेता भी हैं। विधान परिषद के नेता दरेकर ने प्रस्ताव पेश करते हुए कहा था कि कुणाल कामरा ने एक पैरोडी गाना गाया, जिसमें उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के लिए व्यक्तिगत और अपमानजनक टिप्पणियां शामिल थीं। उन्होंने कहा था, ‘‘अंधारे ने उक्त गाने का समर्थन किया और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया, जो सदन की अवमानना ​​है। दरेकर ने आरोप लगाया था कि कामरा और अंधारे दोनों ने अपनी टिप्पणियों के जरिये विधायी संस्थाओं की गरिमा का अनादर किया है। 

 सुषमा अंधारे के खिलाफ विधानसभा में विशेषाधिकार हनन का नोटिस

भाजपा एमएलसी प्रसाद लाड को पिछले साल विशेषाधिकार समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। वह अब समिति के अन्य सदस्यों के साथ नोटिस की समीक्षा करेंगे। यदि समिति को शिकायत में कोई दम नजर आता है तो प्रस्ताव को सदन में चर्चा के लिए लाया जा सकता है। इस बीच, एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना के विधायक रमेश बोरनारे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का कथित तौर पर मजाक उड़ाने के लिए सुषमा अंधारे के खिलाफ राज्य विधानसभा में विशेषाधिकार हनन का नोटिस पेश किया। वित्त राज्य मंत्री आशीष जायसवाल ने बोरनारे के नोटिस का समर्थन किया।

बता दें कि यह विवाद खार के हैबिटेट कॉमेडी क्लब में कामरा के हालिया शो से उपजा है, जहां उन्होंने एकनाथ शिंदे को निशाना बनाते हुए एक पैरोडी गीत प्रस्तुत किया था। इस कृत्य के कारण शिवसेना समर्थकों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने रविवार रात क्लब तथा होटल में तोड़फोड़ की थी।

इनपुट- भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।