1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. Maharashtra Local Body Polls LIVE: महायुति को बड़ा झटका, दो वार्डों में BJP और शिंदे सेना के उम्मीदवारों के नामांकन रद्द

Maharashtra Local Body Polls LIVE: महायुति को बड़ा झटका, दो वार्डों में BJP और शिंदे सेना के उम्मीदवारों के नामांकन रद्द

 Updated : Jan 01, 2026 11:45 pm IST

Maharashtra Local Body Polls LIVE: महाराष्ट्र् में महानगरपालिका चुनावों को लेकर नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद राजनीतिक हलचल काफी तेज हो चुकी है। सभी दल अपनी सियासी जमीन को मजबूत करने में जुटे हैं।

eknath shinde devendra fadnavis- India TV Hindi
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे और सीएम देवेंद्र फडणवीस Image Source : PTI

महाराष्ट्र में 29 महानगरपालिकाओं के लिए चुनाव 15 जनवरी को होने हैं। इस चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। चुनाव अधिकारियों द्वारा जारी Received Nominations Final Report के अनुसार राज्य की 29 महानगरपालिकाओं के लिए कुल 33,606 नामांकन दाखिल किए गए हैं। इसमें कुल 893 प्रभाग (वॉर्ड) और 2,869 नगरसेवक पदों के लिए उम्मीदवार मैदान में हैं। सबसे ज्यादा नामांकन पुणे महानगरपालिका में दर्ज किए गए हैं, जहां 165 सीटों के लिए 3,179 नामांकन दाखिल हुए हैं। वहीं मुंबई महानगरपालिका में 227 सीटों के लिए 2,516 नामांकन प्राप्त हुए हैं। इसी बीच एक अहम राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। चुनाव से पहले महायुति को बड़ा झटका लगा है। मुंबई महानगरपालिका के दो वार्डों में भाजपा और शिंदे सेना के उम्मीदवारों के नामांकन रद्द हो गए हैं। इसके चलते मतदान से पहले ही इन दोनों वार्डों से महायुति चुनावी मुकाबले से बाहर हो गई है।

Maharashtra Local Body Polls LIVE

Auto Refresh
Refresh
  • 10:44 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    बीजेपी-शिवसेना 3 जनवरी से चुनावी प्रचार का करेंगे शुभारंभ

    बीजेपी-शिवसेना की ओर से महायुति के चुनावी प्रचार का भव्य शुभारंभ शनिवार 3 जनवरी को मुंबई के NSCI डोम, वर्ली में किया जाएगा। इस अवसर पर प्रमुख वक्ता के रूप में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में सभी बूथ प्रमुख, शक्ति केंद्र प्रमुख, पार्टी के पदाधिकारी, लोकप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं उम्मीदवार बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

  • 5:18 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    राज ठाकरे से मिलने पहुंचे उद्धव और आदित्य ठाकरे

    उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे एक बार फिर से राज ठाकरे से मिलने उनके दादर स्थित शिवतीर्थ निवास स्थान पर पहुंचे हैं। पालिका चुनाव और मेनिफेस्टो से लेकर राज्य के किन हिस्सों में दोनों भाइयों एक साथ सभा होगी, इन सभी की प्लानिंग और रणनीति पर चर्चा करने के लिए उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे की मुलाकात हो रही है।

  • 4:03 PM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    एक सीट पर 11 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे

    आंकड़े बताते हैं कि कुल 2,869 सीटों के लिए रिकॉर्ड 33,606 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं, मतलब कि हर एक सीट पर औसतन 11 से अधिक उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। 30 दिसंबर को नामांकन के आखिरी दिन नासिक और नागपुर में जो हाई-वोल्टेज ड्रामा और अशांति देखने को मिली, उसने बता दिया है कि यह चुनाव कितना कांटे का होने वाला है।

  • 1:50 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    BMC चुनाव के लिए बीजेपी नेता ने भरा फर्जी फॉर्म

    महानगरपालिका चुनाव के लिए बीजेपी से टिकट न मिलने पर पार्टी की एक बागी नेता ने मुंबई में डुप्लीकेट AB फॉर्म अटैच किया है और उससे भी बड़ी बात ये है कि चुनाव आयोग ने उसे एक्सेप्ट भी कर लिया। यह घटना पुणे में वार्ड नंबर 173 में हुई। मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमित साटम ने शिकायत की है कि शिल्पा केलुस्कर ने डुप्लीकेट AB फॉर्म अटैच किया है। साटम ने इलेक्शन कमीशन को लेटर लिखकर फॉर्म कैंसिल करने की मांग की।

  • 11:19 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    आज राज ठाकरे से मुलाकात के लिए शिवतीर्थ जा सकते हैं उद्धव

    सूत्रों के अनुसार उद्धव ठाकरे आज राज ठाकरे से मुलाकात के लिए शिवतीर्थ जा सकते हैं। यह बैठक आज दोपहर बाद होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि इस अहम बैठक में चुनावी घोषणा पत्र (मैनिफेस्टो) जारी करने और आगामी चुनाव प्रचार की रणनीति को अंतिम रूप देने पर चर्चा होगी।

  • 11:18 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    5 जनवरी से उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे की संयुक्त सभाएं

    बीएमसी चुनाव के मद्देनजर शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे की संयुक्त सभाएं 5 जनवरी से शुरू होने जा रही हैं। सूत्रों के अनुसार, मुंबई के पश्चिमी उपनगरों और शिवाजी पार्क में कुल तीन संयुक्त सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा, मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में एक-एक संयुक्त सभा कल्याण, डोंबिवली और मीरा-भायंदर में आयोजित की जाएगी। MMR क्षेत्र के बाहर नासिक में भी उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे की संयुक्त सभा प्रस्तावित है। जानकारी के मुताबिक, संयुक्त सभाओं के बाद दोनों नेताओं की अलग-अलग सभाएं भी आयोजित की जाएंगी, ताकि अपने-अपने संगठनों और समर्थकों से सीधा संवाद किया जा सके।

  • 9:53 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    भाजपा विधायक अनूप अग्रवाल ने क्या दावा किया?

    भाजपा विधायक अनूप अग्रवाल ने आत्मविश्वास जताते हुए कहा कि धुले नगर निगम पर भाजपा का ही महापौर बैठेगा। उन्होंने विरोधियों को चुनौती देते हुए कहा, "अभी तो यह शुरुआत है, आगे-आगे देखिए होता है क्या। आने वाले दिनों में करीब 8 से 10 और नगरसेवक निर्विरोध चुनकर आएंगे।" हालांकि, टिकट काटे जाने से नाराज कुछ मौजूदा नगरसेवकों ने अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं, लेकिन पार्टी आलाकमान के आदेश के आगे सभी फिलहाल शांत नजर आ रहे हैं। भाजपा की इस आक्रामक कार्यशैली ने विपक्षी खेमे में खलबली मचा दी है।

  • 9:52 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    धुले नगर निगम चुनाव: BJP का 'मास्टर प्लान' सफल

    धुले नगर निगम पर एक बार फिर 'कमल' खिलाने के लिए भाजपा द्वारा बनाई गई रणनीती रंग लाती दिख रही है। भाजपा के दो उम्मीदवार निर्विरोध नगरसेवक चुन लिए गए हैं। दिलचस्प बात यह है कि ये दोनों ही महिलाएं हाल ही में अन्य दलों को छोड़कर भाजपा में शामिल हुई थीं। र्विरोध निर्वाचित होने वाली पहली प्रत्याशी उज्ज्वला रणजीत भोसले हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के शहर जिलाध्यक्ष रणजीत राजे भोसले ने नामांकन के अंतिम क्षणों में भाजपा का दामन थामा था। पार्टी ने तत्काल उनकी पत्नी उज्ज्वला भोसले को प्रभाग क्रमांक 1 से प्रत्याशी बनाया। भाजपा के इस दांव के आगे विपक्ष पस्त नजर आया और वे निर्विरोध चुन ली गईं। इसी तरह, कुछ दिन पूर्व उद्धव ठाकरे गुट (शिवसेना) छोड़कर आईं ज्योत्स्ना प्रफुल्ल पाटिल को भी भाजपा ने उम्मीदवार बनाया था, जो निर्विरोध निर्वाचित होने में सफल रही हैं।

  • 9:50 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    मुंबई के वार्ड क्रमांक 211 और 212 का मामला

    मुंबई के वार्ड क्रमांक 211 और 212 में अब महायुति का कोई भी उम्मीदवार मैदान में नहीं है। वार्ड क्रमांक 211 महायुति में शिंदे सेना के हिस्से में था, लेकिन आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति न होने के कारण शिंदे सेना के उम्मीदवार का नामांकन स्वीकार नहीं किया गया। वहीं, वार्ड क्रमांक 212 में भाजपा उम्मीदवार मंदाकिनी खामकर का नामांकन भी रद्द कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, एबी फॉर्म मिलने के बाद खामकर नामांकन दाखिल करने के लिए कार्यालय 15 मिनट की देरी से पहुंचीं, जिसके चलते उनका नामांकन स्वीकार नहीं किया गया।

  • 9:49 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    2 वार्डों में नामांकन रद्द होने से महायुति को बड़ा झटका

    मुंबई महानगरपालिका के दो वार्डों में भाजपा और शिंदे सेना के उम्मीदवारों के नामांकन रद्द हो गए हैं। इसके चलते मतदान से पहले ही इन दोनों वार्डों से महायुति चुनावी मुकाबले से बाहर हो गई है। चुनाव से पहले महायुति को बड़ा झटका लगा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।