1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मेट्रिमोनियल वेबसाइट पर महिला से कर ली ठगी, शादी का झांसा देकर 17.73 लाख रुपए वसूले, जानें पूरा मामला

मेट्रिमोनियल वेबसाइट पर महिला से कर ली ठगी, शादी का झांसा देकर 17.73 लाख रुपए वसूले, जानें पूरा मामला

 Reported By: Saket Rai Edited By: Subhash Kumar
 Published : Feb 05, 2026 02:12 pm IST,  Updated : Feb 05, 2026 02:12 pm IST

मुंबई में ऑनलाइन मेट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए महिला धोखाधड़ी का शिकार हो गई है। महिला को 17.73 लाख रुपए का नुकसान उठाना पड़ा है। मुंबई की नवघर पुलिस ने इस घटना को लेकर मामला दर्ज किया है।

mumbai women scammed matrimonial website - India TV Hindi
सांकेतिक फोटो। Image Source : PTI

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से धोखाधड़ी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। प्राथमिक रूप से मिली जानकारी के मुताबिक, मुलुंड ईस्ट में एक महिला के साथ ऑनलाइन वैवाहिक धोखाधड़ी की घटना हुई है। यहां एक 42 वर्षीय महिला ग्राफिक डिजाइनर को शादी का झांसा देकर 17.73 लाख रुपये की ठगी का शिकार बनाया गया है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने खुद को एक प्रभावशाली एनजीओ का अध्यक्ष बताया और सरकारी योजनाओं का हवाला देकर महिला से बड़ी रकम ऐंठ ली। पीड़िता की शिकायत पर नवघर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महिला को कैसे बनाया शिकार?

पुलिस के मुताबिक, महिला कई सालों से एक नामी ऑनलाइन मेट्रोमोनियल वेबसाइट के जरिए जीवनसाथी की तलाश कर रही थी। 29 सितंबर 2025 को उसे “वी बी” नाम की प्रोफाइल से शादी का प्रस्ताव मिला, जिसे उसने 18 अक्टूबर को स्वीकार कर लिया। इसके बाद आरोपी ने मोबाइल और व्हाट्सएप कॉल के जरिए संपर्क किया और अपना नाम पुणे निवासी विराज बालासाहेब भोसले (45) बताया।

आरोपी ने महिला को बताया कि उसके पिता आईपीएस अधिकारी हैं और उसकी मां फिजियोथेरेपिस्ट हैं। उसने यह भी दावा किया कि वह पुणे स्थित एक गैर-सरकारी संगठन का अध्यक्ष है और उसे सीएसआर फंड व सरकारी आवास योजनाओं की जानकारी और पहुंच है। आरोपी ने कहा कि वह तलाकशुदा, विधवा और अकेली महिलाओं को कम दाम में घर दिलाने में मदद करता है।

ऐसे ऐंठ लिए पैसे

20 अक्टूबर 2025 को आरोपी ने मुंबई में घर दिलाने के नाम पर एक सांकेतिक राशि की मांग की। आरोपी की बातों पर भरोसा कर महिला ने अपने बैंक खाते से अलग-अलग किश्तों में 5.60 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपी के कहने पर महिला ने एक बैंक से तीन व्यक्तिगत ऋण लिए और उसके बताए गए खातों में अतिरिक्त 12.13 लाख रुपये भेज दिए। कुल 17.73 लाख रुपये मिलने के बाद आरोपी ने महिला से संपर्क कम करना शुरू कर दिया। जब महिला ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने कथित तौर पर उसे गाली-गलौज की और धमकाया। उसने अपने राजनीतिक और पुलिस संपर्कों का हवाला देते हुए शिकायत करने पर गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी भी दी।

पुलिस ने क्या एक्शन लिया?

बाद में जब पीड़िता ने आरोपी की फेसबुक प्रोफाइल की जांच की, तो उसे पता चला कि आरोपी ने इसी तरह कई अन्य महिलाओं को भी ठगा है। इसके बाद महिला ने नवघर पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। नवघर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी से जुड़ी धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश व गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

ये भी पढ़ें- मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर 22 घंटे से महाजाम, प्रोपिलीन गैस से भरा टैंकर पलटा, रिसाव का खतरा, लोग परेशान

मुंबई से खौफनाक VIDEO: मॉडल को पहले टक्कर मारी, फिर कार के बोनट पर घसीटते हुए ले गया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।