1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. Maharashtra News: चंद्रकांत पाटिल ने कहा- घर जाकर खाना पकाएं सुप्रिया सुले, NCP ने बोला हमला

Maharashtra News: चंद्रकांत पाटिल ने कहा- घर जाकर खाना पकाएं सुप्रिया सुले, NCP ने बोला हमला

 Written By: Vineet Kumar Singh
 Published : May 26, 2022 03:54 pm IST,  Updated : May 26, 2022 03:56 pm IST

महाराष्ट्र में शिवसेना नीत महा विकास आघाडी की गठबंधन सरकार है, जिसमें सुले की NCP एक अहम घटक है।

Maharashtra News, Chandrakant Patil, Supriya Sule, Supriya Sule Cook Food- India TV Hindi
Maharashtra BJP Chief Chandrakant Patil and NCP MP Supriya Sule. Image Source : PTI

Highlights

  • सुप्रिया सुले राजनीति में रहने की बजाय घर जाकर खाना पकाएं: चंद्रकांत पाटिल
  • पाटिल ने कहा, दिल्ली जाइए या कब्रिस्तान में लेकिन हमें OBC आरक्षण दिला दें।
  • पाटिल को रोटी बनाना सीखना चाहिए, ताकि वह अपनी पत्नी की मदद कर सकें: NCP

Maharashtra News: महाराष्ट्र बीजेपी के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की सांसद सुप्रिया सुले के बारे में एक ऐसा बयान दिया है जिसने सूबे की राजनीति में हलचल मचा दी है। एक प्रोटेस्ट के दौरान पाटिल ने यह कहकर विवाद खड़ा कर दिया है कि NCP सुप्रीमो शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले राजनीति में रहने की बजाय ‘घर जाकर खाना पकाएं।’ पाटिल के इस बयान पर NCP ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह अपने सांसद के अपमान पर चुप नहीं रहेगी।

पाटिल ने सुले पर जमकर साधा था निशाना

पाटिल (Chandrakant Patil) ने बीजेपी की मुंबई इकाई की ओर से स्थानीय निकाय चुनावों में OBC आरक्षण देने की मांग को लेकर किए जा रहे एक प्रोटेस्ट के दौरान बुधवार को सुले पर जमकर निशाना साधा था। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में मध्य प्रदेश में स्थानीय निकाय के चुनावों में OBC आरक्षण की इजाजत दे दी थी। इसके बाद सुले (Supriya Sule) ने कहा था कि उन्होंने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की दिल्ली यात्रा के दौरान उनसे संपर्क किया था, लेकिन उन्होंने यह जानकारी नहीं दी कि आरक्षण के लिए मंजूरी हासिल करने के वास्ते उन्होंने क्या किया।

‘दिल्ली जाइए या कब्रिस्तान में, लेकिन...’
महाराष्ट्र में शिवसेना नीत महा विकास आघाडी की गठबंधन सरकार है, जिसमें सुले की NCP एक अहम घटक है। पाटिल ने बुधवार को बीजेपी के प्रदर्शन के दौरान सुले पर निशाना साधते हुए कहा, 'आप (सुले) राजनीति में क्यों हैं, घर जाकर बस खाना बनाइए। दिल्ली जाइए या कब्रिस्तान में, लेकिन हमें OBC आरक्षण दिला दें। लोकसभा सदस्य होने के बावजूद आपको इसकी जानकारी कैसे नहीं है कि मुख्यमंत्री से मिलने का समय कैसे लिया जाता है।’

‘आप मनुस्मृति में विश्वास रखते हैं’
पाटिल के बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए NCP की महिला शाखा की प्रदेश अध्यक्ष विद्या चव्हाण ने पाटिल का नाम लिए बिना कहा कि एक शख्स जिसने एक महिला विधायक का टिकट काट कर उनकी सीट से खुद चुनाव लड़ा, एक ऐसी सांसद का अपमान कर रहा है जिन्हें 2 बार संसद रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। चव्हाण ने कहा कि हम जानते हैं कि आप मनुस्मृति में विश्वास करते हैं, लेकिन हम अब चुप नहीं रहेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें रोटी बनाना सीखना चाहिए, ताकि वह घर पर अपनी पत्नी की मदद कर सकें।’

सुले के पति ने भी बीजेपी को सुनाया
बता दें कि कोल्हापुर के रहने वाले पाटिल ने पुणे की कोथरूड सीट से 2019 का विधानसभा चुनाव लड़ा था। उस समय कोथरूड की सीटिंग विधायक बीजेपी की मेधा कुलकर्णी थीं, जिनका टिकट काट दिया गया था। सुप्रिया सुले के पति सदानंद सुले ने भी पाटिल की टिप्पणी की आलोचना करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, ‘यह बीजेपी की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष हैं जो सुप्रिया के बारे में बोल रहे हैं। मैंने हमेशा कहा है कि वे नारी द्वेषी हैं और जब भी मौका लगता है कि महिलाओं को नीचा दिखाते हैं।’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।