1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र में सामने आये कोविड-19 के 57,640 नए मामले, 920 मरीजों की मौत

महाराष्ट्र में सामने आये कोविड-19 के 57,640 नए मामले, 920 मरीजों की मौत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : May 05, 2021 10:43 pm IST,  Updated : May 05, 2021 11:05 pm IST

महाराष्ट्र में बुधवार को कोविड-19 से 920 लोगों की मौत हो गयी जबकि इस महामारी के 57,640 नए मामले सामने आए। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अबतक 72,662 मरीजों की जान चली गयी है जबकि संक्रमितों की कुल संख्या 48,80,542 हो गयी है।

Maharashtra reports 57640 new coronavirus cases, 920 fatalities- India TV Hindi
महाराष्ट्र में कोविड-19 से 920 लोगों की मौत हो गयी जबकि इस महामारी के 57,640 नए मामले सामने आए। Image Source : PTI

मुंबई: महाराष्ट्र में बुधवार को कोविड-19 से 920 लोगों की मौत हो गयी जबकि इस महामारी के 57,640 नए मामले सामने आए । राज्य के स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अबतक 72,662 मरीजों की जान चली गयी है जबकि संक्रमितों की कुल संख्या 48,80,542 हो गयी है। मंगलवार की तुलना में बुधवार को कोविड-19 के 5760 अधिक नये मामले सामने आये और 29 ज्यादा मरीजों ने जान गंवायी। मंगलवार को कोरोना वायरस के 51,880 नये मामले सामने आये थे और 891 मरीजों की जान चली गयी थी। अधिकारी ने बताया कि पिछले 24 घंटे के दौरान 57,006 मरीजों को अस्पतालों से छुट्टी दे दी गयी। अब तक 41,64,098 मरीज संक्रमण से उबर चुके हैं। राज्य में फिलहाल 6,41,569 मरीज उपचाराधीन हैं। 

उन्होंने बताया कि राज्य में फिलहाल कोरोना संक्रमण से उबरने की दर 85.32 फीसद है जबकि मृत्यु दर 1.49 फीसद है। उनके अनुसार राज्य में अब तक कुल 2,83,84,582 नमूनों की जांच की जा चुकी है। अधिकारी ने बताया कि मुंबई से कोविड-19 के 3,882 नए मामले आने से संक्रमितों की संख्या 6,65,057 हो गयी जबकि 77 और मरीजों की मौत हो जाने से मृतक संख्या 13,330 हो गयी। 

उन्होंने बताया कि पुणे में 3390 नये मरीजों के सामने आने से इस नगर निगम क्षेत्र में संक्रमितों की संख्या 4,48,504 हो गयी जबकि 59 और मरीजों की जान चले जान से अबतक इस शहर में अबतक 5,754 मरीज जान गंवा चुके है। नागपुर, पिंपडी-चिंचवाड़, नासिक, औरंगाबाद और अमरावती नगर निगम क्षेत्रों में कोविड-19 के क्रमश: 2,663, 2,042, 2,010, 342 और 169 नये मामले सामने आये। 

इस बीच केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने जानकारी दी कि देश में पिछले 24 घंटे के दौरान सामने आए कोरोना वायरस संक्रमण के 3,82,315 नए मामलों में से 71 प्रतिशत मामले महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत 10 राज्यों से आए हैं। मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, इन नए मामलों के सामने आने के बाद देश में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 2,06,65,148 हो गयी है। नए मामलों में 70.91 प्रतिशत मामले महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, कर्नाटक, केरल, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और राजस्थान से सामने आए हैं। 

इस दौरान महाराष्ट्र से सर्वाधिक 51,880 नए मामले सामने आए जबकि कर्नाटक में 44,631 और केरल में कोरोना वायरस संक्रमण के 37,190 नए मामलों की पुष्टि हुई है। कोविड-19 महामारी की दूसरी भयावह लहर का सामना कर रहे देश में कोरोना के उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 34,87,229 हो गयी है जोकि कुल संक्रमित मामलों का 16.87 प्रतिशत है। 

ये भी पढ़ें

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।