1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र को मिलेगा तीसरा डिप्टी CM? संजय राउत ने शिवसेना में दरार का किया दावा

महाराष्ट्र को मिलेगा तीसरा डिप्टी CM? संजय राउत ने शिवसेना में दरार का किया दावा

 Published : Jan 24, 2025 03:35 pm IST,  Updated : Jan 24, 2025 03:37 pm IST

संजय राउत ने कहा कि पर्दे के पीछे की गतिविधियों को देखते हुए ऐसा लग रहा है कि भविष्य में राज्य में तीन उपमुख्यमंत्री हो सकते हैं। उन्होंने कहा, किसी को भी एकनाथ शिंदे को गंभीरता से नहीं लेना चाहिए। वह आज उपमुख्यमंत्री हैं। इससे पहले वह मुख्यमंत्री थे। वह कल वहां नहीं रहेंगे।

sanjay raut and eknath shinde- India TV Hindi
संजय राउत, एकनाथ शिंदे Image Source : PTI

मुंबई: शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता संजय राउत ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में दरार का दावा करते हुए शुक्रवार को कहा कि महाराष्ट्र को उनकी पार्टी से तीसरा डिप्टी सीएम मिलेगा। राउत ने कहा कि पर्दे के पीछे की गतिविधियों को देखते हुए ऐसा लग रहा है कि भविष्य में राज्य में तीन उपमुख्यमंत्री हो सकते हैं। उन्होंने कहा, “किसी को भी एकनाथ शिंदे को गंभीरता से नहीं लेना चाहिए। वह आज उपमुख्यमंत्री हैं। इससे पहले वह मुख्यमंत्री थे। वह कल वहां नहीं रहेंगे, क्योंकि महाराष्ट्र को उसी पार्टी से तीसरा उपमुख्यमंत्री मिल रहा है। उन्हें (शिंदे को) इस बारे में सोचना चाहिए।”

'महाराष्ट्र के दुश्मनों के साथ काम कर रहे शिंदे'

राउत ने शिवसेना की सहयोगी भाजपा की तरफ इशारा करते हुए आरोप लगाया कि शिंदे महाराष्ट्र के “दुश्मनों” के साथ काम कर रहे हैं। शिवसेना (UBT) नेता की यह टिप्पणी उनके इस दावे के कुछ दिनों बाद आई है कि महाराष्ट्र के उद्योग मंत्री उदय सामंत के पास 20 विधायकों का समर्थन है और वह शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को दो गुटों में बांट सकते हैं।

क्या बोले उदय सामंत?

राउत ने कहा था कि जब शिंदे पिछले साल नवंबर में संपन्न राज्य विधानसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री पद न मिलने से खफा थे, तब सामंत को लाने की योजना थी। हालांकि, सामंत ने पार्टी प्रमुख शिंदे के साथ किसी भी मतभेद से इनकार किया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके और शिंदे के बीच दरार पैदा करने की कोशिश की जा रही है। महाराष्ट्र में फिलहाल शिंदे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) प्रमुख अजित पवार के रूप में दो उपमुख्यमंत्री हैं।

महाराष्ट्र में महायुति की जीत

बता दें कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में शिवसेना (UBT) का प्रदर्शन अच्छा नहीं था। पार्टी 36 सीटों पर चुनाव लड़ी, लेकिन उन्हें केवल 10 पर ही जीत मिली। भाजपा 132 से ज्यादा सीटें जीती। वहीं अगर भाजपा नीत महायुति के घटक दलों की बात करें तो एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने 57 और अजित पवार की एनसीपी 41 सीटें जीतने में कामयाब रही। महाविकास आघाड़ी (कांग्रेस, शिवसेना-यूबीटी, एनसीपी-एसपी) ने सिर्फ 46 सीटें जीतीं।

यह भी पढ़ें-

अजित ने सार्वजनिक कार्यक्रम में शरद पवार से दूर कर ली कुर्सी, जानें क्या कारण बताया

'महाराष्ट्र की जनता उनसे उब चुकी है', उद्धव ठाकरे पर भड़के मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।