1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. नासिक ज्योतिषी कांड गरमाने के बाद महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रुपाली चाकणकर ने दिया इस्तीफा, वजह भी बताई

नासिक ज्योतिषी कांड गरमाने के बाद महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रुपाली चाकणकर ने दिया इस्तीफा, वजह भी बताई

 Reported By: Rajesh Kumar, Edited By: Mangal Yadav
 Published : Mar 20, 2026 09:59 pm IST,  Updated : Mar 21, 2026 08:43 am IST

महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। यह घटनाक्रम शुक्रवार शाम को सामने आया, जब सीएम फडणवीस ने चाकणकर को बैठक के लिए बुलाया और उनसे इस्तीफ़े देने को कहा।

डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार के साथ रुपाली चाकणकर - India TV Hindi
डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार के साथ रुपाली चाकणकर Image Source : REPORTER

मुंबईः महाराष्ट्र के नासिक में फर्जी बाबा अशोक खरात रेप केस को लेकर मामला गरमा गया है। विपक्षी पार्टियों की तरफ से की जा रही आलोचनाओं के बीच महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रुपाली निलेश चाकणकर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इससे पहले रूपाली चाकणकर ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फणडवीस से मुलाकात की थी। इस मुलाकात में सीएम ने रूपाली को इस्तीफा देने को कहा था। सूत्रों का कहना है कि सीएम फणडवीस ने चाकणकर से चर्चा के लिए वर्षा निवास पर बुलाया था। सीएम ने आयोग की अध्यक्ष को तुरंत पद से इस्तीफा देने को कहा था।

सीएम को लिखे इस्तीफे में कही ये बातें

उन्होंने अपना इस्तीफा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को संबोधित करते हुए पत्र लिखा है। अपने इस्तीफे में चाकणकर ने कहा है कि 15 अक्टूबर 2024 को उन्हें महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया था, लेकिन अब व्यक्तिगत कारणों के चलते वह स्वेच्छा से पद छोड़ रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान उन्हें पूरा सहयोग और विश्वास मिला, जिसके लिए वह आभारी हैं। साथ ही उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह के सहयोग की उम्मीद जताई है। चाकणकर ने अपने पत्र में मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि उनके इस्तीफे को स्वीकार किया जाए। फिलहाल उनके इस्तीफे को लेकर सरकार की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।

SIT जांच की मांग

महाराष्ट्र के नासिक में फर्जी बाबा अशोक खरात रेप मामले में रूपाली चाकणकर ने पुलिस को पत्र लिखकर SIT के जरिए निष्पक्ष जांच की मांग की है। आरोपी बाबा की गिरफ्तारी के बाद कई आपत्तिजनक वीडियो मिलने की बात सामने आई है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि और भी पीड़ित हो सकते हैं। महिला आयोग ने सभी पीड़ितों की पहचान गोपनीय रखने और उन्हें सुरक्षा देने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल, मामले की जांच जारी है।

वीडियो मामले पर रूपाली चाकणकर की सफाई

रूपाली चाकणकर बोलीं कि मैं जब प्रदेश अध्यक्ष थी, उस वक्त से मैं मंदिर ट्रस्ट का हिस्सा थी। उस ट्रस्ट का कार्यकाल मेरा पिछले साल खत्म हो गया है। मैं वहां के कार्यक्रमों में शामिल होती थी। हमने एक व्यक्ति को गुरु माना और परिवार समेत वहां के कार्यक्रमों में शामिल हुई। मीडिया में जो वीडियो दिखाया जा रहा है, वह पुराना है। वह गुरु पूर्णिमा का वीडियो है। आज हम जिसके साथ हैं वह आगे जाकर क्या करेगा, इसके बारे में हम अंदाजा नहीं लगा सकते।

दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की डिमांड

उन्होंने आगे कहा कि मुझे बाद में यह घटना समझ आई। मैंने ट्वीट भी किया लेकिन खरात और उसके निजी जीवन के बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं। इस मामले में पुलिस निष्पक्ष जांच करे। इसके लिए मैं डीजी और राज्य के मुख्यमंत्री से मिली। साथ ही हमारी पार्टी की नेता और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार से मिली और निष्पक्ष जांच की मांग की। जो हुआ, गलत और बुरा हुआ। आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो, यह मेरी मांग है।

संजय राउत का रूपाली पर तंज

दरअसल, स्व-घोषित ज्योतिषी बाबा अशोक खरात को रेप केस में गिरफ्तार किया गया है। अशोक खरात के स्वागत की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी। जिनमें चाकणकर रेप के आरोपी फर्जी बाबा का स्वागत करते नजर आ रही हैं। इसके बाद विपक्षी पार्टियों ने उन्हें पद से हटाने की मांग की थी। शिवसेना (UBT) के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने कहा कि रूपाली चाकणकर का काम उन महिलाओं को न्याय दिलाना है जिनके साथ अन्याय हो रहा है, लेकिन इसके बजाय, वह एक ऐसे व्यक्ति के पैर धो रही थीं जिस पर बलात्कार का आरोप है।  

महिलाओं का यौन शोषण करने का आरोप

एक महिला ने पुलिस को बताया कि फर्जी बाबा ने उसे अपने दफ्तर बुलाया था और दावा किया था कि उसकी भविष्यवाणियों के अनुसार उसके पति की जान को खतरा है। खरात उस महिला को नशीला पदार्थ मिला हुआ पेय पीने को देता था और नवंबर 2022 से दिसंबर 2025 के बीच कई बार उसके साथ बलात्कार किया था। यह भी आरोप लगाया गया है कि खरात ने इसी तरह कई अन्य महिलाओं का भी शोषण किया है। उसे अब गिरफ्तार कर लिया गया है और 24 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।