1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. HDFC Bank के अगले CEO और MD होंगे अनूप बागची, RBI से मिली मंजूरी

HDFC Bank के अगले CEO और MD होंगे अनूप बागची, RBI से मिली मंजूरी

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Oct 02, 2026 09:40 am IST,  Updated : Oct 02, 2026 09:40 am IST

अनूप बागची की नियुक्ति 3 साल के लिए की गई है। वे 27 अक्टूबर से देश के सबसे बड़े प्राइवेट बैंक- एचडीएफसी बैंक के सीईओ और एमडी पद संभालेंगे।

hdfc bank, hdfc bank ceo, hdfc bank md, Anup Bagchi, rbi- India TV Hindi
अनूप बागची Image Source : ICICIPRULIFE.COM

अनूप बागची एचडीएफसी बैंक के अगले सीईओ और मैनेजिंग डायरेक्टर होंगे। भारतीय रिजर्व बैंक ने गुरुवार को देश के सबसे बड़े प्राइवेट सेक्टर के बैंक का नेतृत्व करने के लिए उनके नाम को मंजूरी दे दी। अनूप बागची, एचडीएफसी बैंक के मौजूदा सीईओ शशिधर जगदीशन की जगह लेंगे, जिनका 6 साल का कार्यकाल 26 अक्टूबर को खत्म हो रहा है। 

अभी आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस के सीईओ और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं अनूप बागची

एचडीएफसी बैंक की ओर से शेयर बाजार को दी गई सूचना के मुताबिक, अनूप बागची की नियुक्ति 3 साल के लिए की गई है। वे 27 अक्टूबर से देश के सबसे बड़े प्राइवेट बैंक- एचडीएफसी बैंक के सीईओ और एमडी पद संभालेंगे। बागची फिलहाल आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस के सीईओ और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। वे 2023 से इस पद पर हैं। इससे पहले वे करीब 6 साल तक आईसीआईसीआई बैंक के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर रहे थे। अनूप बागची ने 1992 में आईसीआईसीआई के साथ अपना करियर शुरू किया था और खुदरा एवं थोक बैंकिंग समेत कई जिम्मेदारियां संभाली हैं। 

सीईओ और एमडी के रूप में नियुक्ति के लिए शेयरहोल्डरों की मंजूरी भी जरूरी

एचडीएफसी बैंक के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने अनूप बागची को 2 अक्टूबर से एडिशनल डायरेक्टर अपॉइंट करने की भी मंजूरी दी है। सीईओ और एमडी के रूप में उनकी नियुक्ति के लिए बैंक के शेयरहोल्डरों की मंजूरी भी जरूरी होगी। बागची के सामने एचडीएफसी बैंक की मुख्य आय बढ़ाने, शुद्ध ब्याज मार्जिन पर दबाव से निपटने और उत्पादों की गलत बिक्री से जुड़े मामलों को नियंत्रित करने जैसी चुनौतियां होंगी। 

नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती ने दिया था इस्तीफा

एचडीएफसी बैंक में टॉप लेवल पर लीडरशिप से जुड़े मुद्दे इस साल मार्च में सामने आए थे, जब नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती ने इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद बैंक ने कुछ मामलों की आंतरिक समीक्षा की थी। जगदीशन ने अगस्त में बैंक के बोर्ड को सूचित किया था कि वे दोबारा नियुक्ति की मांग नहीं करेंगे। इसके बाद बैंक ने सीईओ पद के लिए 2 नाम आरबीआई को भेजे थे। इनमें अनूप बागची के साथ संभवतः बैंक के डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर कैजाद भरूचा का नाम भी शामिल था। बागची की नियुक्ति की घोषणा के बाद एचडीएफसी बैंक के अमेरिकी डिपॉजिटरी रिसीट (एडीआर) में 5 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी आई।

ये भी पढ़ें

डीजल की खुदरा और थोक कीमतों में ₹50 तक का अंतर, कुछ पंप डीलरों ने बिक्री पर लगाई सीमा, सरकार ने साफ किया रुख

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।