1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. आज ₹5000 सस्ती हुई चांदी, इस हफ्ते भाव में ₹10,000 की गिरावट- चेक करें सोने की ताजा कीमतें

आज ₹5000 सस्ती हुई चांदी, इस हफ्ते भाव में ₹10,000 की गिरावट- चेक करें सोने की ताजा कीमतें

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Oct 01, 2026 08:49 pm IST,  Updated : Oct 01, 2026 08:49 pm IST

इस हफ्ते चांदी की कीमतों में 10,000 रुपये या 4.2 प्रतिशत की भारी गिरावट दर्ज की गई है।

gold price, gold rate, silver price, silver rate, bullion market- India TV Hindi
इस हफ्ते 10,000 रुपये सस्ती हुई चांदी Image Source : AFP

दिल्ली के सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोने की कीमतों में लगातार दूसरे दिन तेजी दर्ज की गई। रुपये के कमजोर होने और मजबूत वैश्विक रुख के कारण सोने में तेजी को समर्थन मिला। हालांकि, चांदी के भाव में आज बड़ी गिरावट दर्ज की गई। स्थानीय कारोबारियों ने ये जानकारी दी। 'गांधी जयंती' के मौके पर शुक्रवार को सर्राफा बाजार बंद रहेंगे। 

1 दिन में 5000 रुपये सस्ती हुई चांदी

गुरुवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 500 रुपये बढ़कर 1,49,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। बुधवार को सोने का भाव 1,49,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। वहीं दूसरी ओर, आज चांदी की कीमत 5000 रुपये की बड़ी गिरावट के साथ 2.27 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। बुधवार को दिल्ली में चांदी का भाव 2.32 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था। 

इस हफ्ते चांदी के भाव में 10,000 रुपये की गिरावट

दो सत्रों में सुधार के बावजूद, इस हफ्ते सोने की कीमत में 2800 रुपये या लगभग 2 प्रतिशत की गिरावट आई। जबकि चांदी की कीमत 10,000 रुपये या 4.2 प्रतिशत गिर गई। रुपये के 96 प्रति डॉलर के स्तर से नीचे आने से घरेलू सोने की कीमतों को कुछ सहारा मिला। गुरुवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 96.31 पर बंद हुआ, जो दो महीने से ज्यादा समय में इसका सबसे कमजोर स्तर है। 

अंतरराष्ट्रीय बाजार में 1 प्रतिशत चढ़ा चांदी का भाव

ब्रोकरेज प्लेटफॉर्म लेमन के रिसर्च हेड गौरव गर्ग ने कहा कि अमेरिका में महंगाई के कमजोर आंकड़ों से अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरें बढ़ाने की उम्मीदें कम हुईं, जिससे गुरुवार को सोने में तेजी आई। जबकि, डॉलर में तेजी के बीच चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रहा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में, हाजिर सोना 11.94 डॉलर या 0.29 प्रतिशत बढ़कर 4169.06 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि चांदी लगभग 1 प्रतिशत बढ़कर 60.79 डॉलर प्रति औंस हो गई। 

महंगाई के आंकड़े नरम रहने से सोने की कीमतों में आई तेजी

मिराए एसेट शेयरखान के कमोडिटी हेड प्रवीण सिंह ने कहा, ''महंगाई के आंकड़े नरम रहने से सोने की कीमतों में तेजी आई। हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में उछाल ने इस तेजी को रोक दिया, क्योंकि होर्मुज में अनिश्चितता बनी हुई है।'' एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटी) सौमिल गांधी के अनुसार, मौद्रिक नीति के नजरिये के बारे में आगे के संकेतों के लिए निवेशकों का ध्यान अब आने वाले अमेरिकी आईएसएम विनिर्माण पीएमआई, साप्ताहिक बेरोजगारी दावों और फेडरल रिजर्व के अधिकारियों की टिप्पणियों पर होगा।

ये भी पढ़ें

बनारस से प्रयागराज, सतना, जबलपुर, इटारसी, नासिक, कल्याण के रास्ते मुंबई तक चलेगी स्पेशल ट्रेन- देखें पूरा रूट और टाइम टेबल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।