1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. जंग का अखाड़ा बनी मालेगांव महानगरपालिका की विशेष महासभा, AIMIM और इस्लाम पार्टी में धक्का-मुक्की-VIDEO

जंग का अखाड़ा बनी मालेगांव महानगरपालिका की विशेष महासभा, AIMIM और इस्लाम पार्टी में धक्का-मुक्की-VIDEO

 Published : Apr 02, 2026 11:12 pm IST,  Updated : Apr 02, 2026 11:22 pm IST

मालेगांव महानरगरपालिक की विशेष महासभा में पार्षदों को लड़ता देख मेयर चिल्लाती रहीं। मेयर की कोई नहीं सुन रहा था। AIMIM और इस्लाम पार्टी के पार्षद एक-दूसरे के कॉलर पकड़ कर घसीट रहे थे।

मालेगांव महानगरपालिका में लड़े पार्षद- India TV Hindi
मालेगांव महानगरपालिका में लड़े पार्षद Image Source : REPORTER INPUT

महाराष्ट्र के मालेगांव महानगरपालिका की विशेष महासभा उस समय हंगामे की भेंट चढ़ गई, जब AIMIM और इस्लाम पार्टी के पार्षद आमने-सामने लड़ पड़े। देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की और मारपीट तक पहुंच गया। मालेगांव महानगरपालिका जंग का अखाड़ा बन गई। पार्षद एक दूसरे के कॉलर पकड़ कर घसीटते रहे। इस दौरान मेयर नसरीन शेख पार्षदों को शांत कराती रहीं। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है।

BLOs को लेकर हुआ बवाल

मेयर नसरीन शेख ने SIR (Special Intensive Revision) को लेकर विशेष महासभा बुलाई थी। बैठक में प्रस्ताव रखा गया था कि सर्वे करने वाले BLOs की मदद के लिए बेरोजगार शिक्षकों की कॉन्ट्रैक्ट पर नियुक्ति की जाए।

हाथापाई तक पहुंच गया मामला

बैठक के दौरान इस मुद्दे पर चर्चा चल ही रही थी कि AIMIM के पार्षद अचानक मेयर और डिप्टी मेयर की कुर्सी के पास पहुंच गए और विरोध जताते हुए हंगामा करने लगे। इसके बाद सत्ता पक्ष के पार्षद भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

मेयर ने कहा- ये पूरी तरह गुंडागर्दी

हंगामे के चलते बैठक की कार्यवाही बाधित हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। मेयर नसरीन शेख ने इस घटना को 'गुंडागर्दी' करार देते हुए कहा कि सदन की मर्यादा को तोड़ा गया है।

AIMIM के नेता बोले- आवाज दबाने की कोशिश

वहीं, AIMIM के नेता डॉक्टर खालिद परवेज ने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल, इस घटना के बाद नगर राजनीति गरमा गई है। इस पूरे मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं।

मालेगांव से जहूर खान की रिपोर्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।