1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. 51 साल का लुटेरा दूल्हा! विधवा महिलाओं को फंसाकर करता है शादी, फिर गहने-रुपये लेकर फरार

51 साल का लुटेरा दूल्हा! विधवा महिलाओं को फंसाकर करता है शादी, फिर गहने-रुपये लेकर फरार

 Reported By: Saket Rai, Edited By: Amar Deep
 Published : Feb 03, 2025 03:47 pm IST,  Updated : Feb 03, 2025 03:47 pm IST

मुंबई में एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां एक शख्स विधवा महिलाओं के साथ धोखाधड़ी करता है। ये विधवा महिलाओं से शादी करने के बाद उनके गहने लेकर फरार हो जाता है। ऐसी ही एक शिकायत मिलने के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में है।

51 साल का लुटेरा दूल्हा।- India TV Hindi
51 साल का लुटेरा दूल्हा। Image Source : INDIA TV

मुंबई: आपने लुटेरी दुल्हन के बारे में तो कई बार सुना होगा, लेकिन मुंबई से एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां दूल्हा ही लूटेरा निकला। ये दूल्हा खासकर विधवा महिलाओं को अपने जाल में फंसाता था। ये ऐसी महिलाओं से पहले दोस्ती करता था, इसके बाद उसने शादी करके उनके रुपये और गहने लेकर फरार हो जाता था। मुंबई में एक महिला ने ऐसा करने वाले एक शख्स के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। ये भी पता चला है कि इस शख्स ने पहले भी कई महिलाओं को इसी तरह से धोखा दिया है।

मेट्रोमोनियल साइट से हुई दोस्ती

प्राथमिक रूप से मिली जानकारी के मुताबिक मेट्रोमोनियल साइट की मदद से एक 51 वर्षीय शख्स ने महिला से शादी की। बाद में वह महिला के गहने लेकर फरार हो गया। आरोपी की पहचान 51 वर्षीय प्रमोद नाइक के रूप में हुई है, जो कथित तौर पर एक इवेंट कंपनी में वित्तीय प्रमुख के रूप में काम कर रहा था। अब दिंडोशी पुलिस इस आरोपी की तलाश कर रही है। आरोपी ने ऑनलाइन साइट के जरिए पहले विधवा से दोस्ती की और फिर शादी के कुछ ही महीने बाद उसके 17 लाख रुपये से अधिक के आभूषण लेकर भाग गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रमोद की दोस्ती पिछले साल एक मेट्रोमोनियल साइट पर 50 वर्षीय विधवा शिकायतकर्ता से हुई थी।

कोविड के दौरान पत्नी और बेटी की मौत का दावा

शिकायतकर्ता ने 2008 में एक दुर्घटना में अपने पहले पति को खो दिया था। वह अपनी 28 वर्षीय बेटी के सहारे विले पार्ले में रह रही थी। रिश्तेदारों ने उन्हें पुनर्विवाह के लिए प्रोत्साहित किया और एक मेट्रोमोनियल साइट पर अपना प्रोफाइल रजिस्टर करने में मदद की। इसके बाद से महिला को विभिन्न जातियों और धर्मों से रिश्ते का प्रस्ताव मिला। महिला ने उनमें से प्रमोद नाइक को चुना, क्योंकि वह उसके समुदाय से था। अपने प्रोफाइल के अनुसार, नाइक ने दावा किया कि उसकी पत्नी और बेटी की मृत्यु COVID-19 के दौरान हो गई थी, वह अकेला रह रहा था। वह एक निजी इवेंट कंपनी में वित्तीय प्रमुख के रूप में उच्च पद पर था। अपने परिवार की सहमति से, शिकायतकर्ता ने नवंबर में गोरेगांव के एक मंदिर में उससे शादी कर ली, जिसके बाद यह जोड़ा मलाड ईस्ट में शिफ्ट हो गया।

विधवा महिलाओं को बनाता है निशाना

वहीं पिछले हफ्ते महिला जब सोकर उठी तो उसने अपने पति को गायब पाया। उसका फोन भी बंद था। जब उसने घर की तलाशी ली, तो उसे पता चला कि आलमारी में रखे 17.15 लाख रुपये के आभूषण भी गायब थे। घबराकर उसने अपनी बेटी और अन्य रिश्तेदारों को सूचित किया। महिला ने उस कंपनी में जाकर भी पता किया जहां वह काम करता था। वहां काम करने वाले लोगों ने बताया कि उसने बहुत पहले ही नौकरी छोड़ दी है और ऐसे ही कई महिलाएं उसकी खोज में आ चुकी हैं। अब तक की जांच से पता चलता है कि वह विशेष रूप से विधवाओं को निशाना बनाता है, उन्हें धोखा देता है और फिर फरार हो जाता है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 305 (ए) और 318 (4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश कर रही है।

यह भी पढ़ें-

मुंबई के बांद्रा टर्मिनस पर लंबी दूरी की ट्रेन में महिला के साथ रेप, कुली पर लगा आरोप, पुलिस ने दबोचा

राहुल गांधी ने चीन को लेकर दिया ऐसा बयान, संसद में मचा हंगामा, स्पीकर बोले- आपको सबूत पेश करना होगा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।