महाराष्ट्र में राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के कार्यकर्ताओ की लगातार गुंडागर्दी देखने को मिल रही है। अब नागपुर में मनसे के कार्यकर्ताओं ने बड़ा हंगामा किया। उन्होंने नागपुर सुधार प्रन्यास (नासुप्र) के पूर्व नागपुर कार्यालय में घुसकर असिस्टेंट इंजीनियर सुरेश चव्हाण के चेहरे पर काली स्याही पोत दी।
मनसे के इन कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि 2014 में एनआईटी में नियुक्ति के बाद से ही सुरेश चव्हाण पर रिश्वतखोरी और जनहित के कामों में गड़बड़ी के आरोप लगते रहे हैं। चव्हाण पर पट्टा मंजूरी के लिए 25 हजार रुपये और डिमांड नोट जारी करने के लिए 12 लाख रुपये की मांग करने जैसे आरोप हैं।
लगातार आरोप की वजह से प्रशासन ने चव्हाण का तबादला पूर्व नागपुर से दक्षिण नागपुर विभाग में किया था, लेकिन हाल ही में उन्हें पुनः पूर्व विभाग में नियुक्त कर दिया गया। जबकि सुरेश चव्हाण के खिलाफ विभागीय जांच अब भी जारी है, इसके बावजूद उन्हें पहले जैसी जिम्मेदारियों के साथ दोबारा उसी क्षेत्र में भेजा जाना दर्शाता है कि एनआईटी प्रशासन भ्रष्टाचारियों को संरक्षण दे रहा है।
देखें वीडियो-
इसी नाराजगी के चलते मनसे कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए चव्हाण को काले रंग से पोता और हार पहनाकर विरोध दर्ज किया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जबकि एनआईटी प्रशासन और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें-
मराठी को लेकर MNS कार्यकर्ताओं ने फिर किया हंगामा, फाइनेंस कंपनी के दफ्तर में किया बवाल
संपादक की पसंद