1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. MNS कार्यकर्ताओं ने शौचालय में लगाए जितेंद्र आव्हाड के पोस्टर, तस्वीर पर पेशाब करने पर रखा इनाम

MNS कार्यकर्ताओं ने शौचालय में लगाए जितेंद्र आव्हाड के पोस्टर, तस्वीर पर पेशाब करने पर रखा इनाम

 Published : Jan 06, 2024 07:20 pm IST,  Updated : Jan 06, 2024 08:55 pm IST

NCP विधायक जितेंद्र आव्हाड की भगवान राम पर विवादित टिप्पणी के बाद महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के कार्यकर्ताओं ने उनके पोस्टर सरकारी शौचालयों में लगा दिए। इसके साथ ही आव्हाड की तस्वीर पर पेशाब करने वाले को बख्शीश भी देने को कहा है।

Jitendra Awhad- India TV Hindi
शौचालय में लगाए जितेंद्र आव्हाड के पोस्टर Image Source : VIDEO GRAB

भगवान राम पर विवादित टिप्पणी करने वाले एनसीपी (शरद पवार) के विधायक जितेंद्र आव्हाड की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। आव्हाड के खिलाफ मुंबई के अंधेरी एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। तो वहीं उनके बयान को लेकर विरोध प्रदर्शन भी जारी है। अब मुंबई से सटे कल्याण में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने विधायक जितेंद्र आव्हाड के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। जितेंद्र आव्हाड द्वारा भगवान राम पर दिए विवादित बयान को लेकर MNS कार्यकर्ताओं ने सरकारी शौचालय में आव्हाड के पोस्टर लगा दिए।

तस्वीर पर पेशाब करने पर 10 रुपये की बख्शीश

बता दें कि राज्यभर के विभिन्न हिंदू संगठन आव्हाड के खिलाफ आज (शनिवार) भी विरोध प्रदर्शन करने की योजना बना रहे हैं। इसी कड़ी में राज ठाकरे की पार्टी एमएनएस के कार्यकर्ताओं ने कल्याण में सरकारी शौचालय में आव्हाड की तस्वीर लगाई और उनकी तस्वीर पर पेशाब करने वाले को 10 रुपये की बख्शीश भी देने का दावा किया। 

"राम के कार्यक्रम में दंगा करवाना चाहते हैं आव्हाड?"

राज ठाकरे की पार्टी मनसे के कार्यकर्ता अंकुश राजपूत ने इस दौरान सवाल किया कि क्या आव्हाड अपने विवादित बयानों से 22 तारीख को अयोध्या में होने वाले श्रीराम मंदिर कार्यक्रम की पृष्ठभूमि में दंगा कराना चाहते हैं। राज ठाकरे के सैनिकों ने यह भी चेतावनी दी है कि जो भी श्रीराम के बारे में आपत्तिजनक बयान देगा, उसे मनसे सबक सिखाएगी।

आव्हाड ने भगवान राम को बताया था मांसाहारी

गौरतलब है कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शरद पवार गुट के विधायक जितेंद्र आव्हाड ने शिर्डी में पत्रकारों से बात करते हुए कहा था, "प्रभु श्री राम मांसाहारी थे, 14 साल उन्होंने जो वनवास में गुजारे... जो जंगल में गुजारे... क्या उन्हें वहां पर खाने में क्या मिला होगा? हम प्रभु श्री राम के तरीके पर चल रहे हैं।" इसके बाद से ही जितेंद्र आव्हाड के इस बयान पर बवाल हो रहा है। मुंबई पुलिस ने बताया कि विधायक के खिलाफ IPC की धारा 295 (A) यानी धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। इससे पहले जितेंद्र आव्हाड के खिलाफ पुणे में केस दर्ज किया गया था। 

(रिपोर्ट- सुनील शर्मा)

ये भी पढ़ें-

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।