1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र में कोरोना के 8 हजार से ज्यादा नए मामले, मंत्री यशोमति ठाकुर भी हुईं कोरोना पॉजिटिव

महाराष्ट्र में कोरोना के 8 हजार से ज्यादा नए मामले, मंत्री यशोमति ठाकुर भी हुईं कोरोना पॉजिटिव

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 31, 2021 08:36 pm IST,  Updated : Dec 31, 2021 10:42 pm IST

वहीं महाराष्ट्र की महिला और बाल कल्याण मंत्री यशोमति ठाकुर कोरोना पॉजिटिव पायी गई हैं। उन्होंने खुद इसकी पुष्टि की है। यशोमति ठाकुर ने संपर्क में आये लोगो से कोरोना टेस्ट करने की अपील की है।

महाराष्ट्र में कोरोना के 8 हजार से ज्यादा नए मामले, मंत्री यशोमति ठाकुर भी हुईं कोरोना पॉजिटिव- India TV Hindi
महाराष्ट्र में कोरोना के 8 हजार से ज्यादा नए मामले, मंत्री यशोमति ठाकुर भी हुईं कोरोना पॉजिटिव Image Source : PTI FILE PHOTO

Highlights

  • महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में ओमिक्रॉन के 4 नए मरीज मिले
  • महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 8,067 नए मामले सामने आए
  • महाराष्ट्र में फिलहाल कोरोना के 24,509 सक्रिय मामले हैं

Coronavirus Cases in Maharashtra: महाराष्ट्र में कोरोना की रफ्तार तेजी से बढ़ती जा रही है। राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में शुक्रवार को कोरोना वायरस (COVID-19) के 8,067 नए मामले सामने आए जिसमें  8 लोगों की मौत हुई है, जबकि 1,766 लोग ठीक हुए हैं। राज्य में ओमिक्रॉन के भी 4 नए मरीज मिले हैं, ये मामले वसाई विरार, नवी मुंबई, मीरा भयंदर और पनवेल में मिले हैं। अब तक राज्य में 454 ओमिक्रॉन के मरीज मिल चुके हैं। महाराष्ट्र में फिलहाल कोरोना के 24,509 सक्रिय मामले हैं। वहीं अबतक कुल 65,09,096 लोग कोरोना को मात देकर ठीक हो चुके हैं। वहीं महानगर मुंबई में कोरोना के नए केसों का आंकड़ा पांच हजार के पार पहुंच गया है। 

वहीं महाराष्ट्र की महिला और बाल कल्याण मंत्री यशोमति ठाकुर कोरोना पॉजिटिव पायी गई हैं। उन्होंने खुद इसकी पुष्टि की है। यशोमति ठाकुर ने संपर्क में आये लोगो से कोरोना टेस्ट करने की अपील की है। इससे पहले गुरुवार को राज्य के एक अन्य मंत्री बाला साहेब थोराट कोरोना पॉजिटिव हो गए थे। इसके पहले शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़ और कुछ विधायक भी कोविड पॉजिटिव हो चुके हैं। शरद पवार की बेटी और सांसद सुप्रिया सुले भी पति सदानंद सुले के साथ पॉजिटिव हुई हैं। 

मुंबई की बात करें तो यहां इस समय कोरोना के एक्टिव केसों की संख्‍या 16,411 है जब‍कि ठाणे में 2656 एक्टिव मामले हैं। पुणे में एक्टिव केसों की संख्‍या 2566 है, पालघर में एक्टिव केस 413 और रायगढ़ में 378 हैं। मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने शुक्रवार को कहा कि मुंबई के लोग कोरोना के सभी नियमों का पालन कर रहे हैं। हम यहां की स्थिति देख रहे हैं कि यहां 3 गुना मरीज बढ़ रहे हैं, उसे लेकर हम तैयार हैं। आज मैंने मुंबई के कई मॉल्स में जाकर नियमों का जायजा लिया, हर जगह कोरोना के सभी नियमों का पालन हो रहा है।

मुंबई के कोविड-19 रोगियों के 282 नमूनों में से 55 प्रतिशत ओमीक्रोन से संक्रमित पाये गये 

मुंबई से जीनोम अनुक्रमण के लिए भेजे गये कोरोना वायरस रोगियों के 282 नमूनों में से 55 प्रतिशत ओमीक्रोन स्वरूप से संक्रमित पाये गये है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। बीएमसी की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि बीएमसी के कस्तूरबा अस्पताल और पुणे स्थित राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान में एक प्रयोगशाला में भेजे गए नमूनों का यह सातवां समूह था। विज्ञप्ति में बताया गया कि 282 नमूनों में से 156 (55 प्रतिशत) ओमीक्रोन स्वरूप के, 89 (32 प्रतिशत) डेल्टा डेरिवेटिव के और 37 (13 प्रतिशत) डेल्टा स्वरूप के पाए गए। संक्रमित लोग मधुमेह और उच्च रक्तचाप से भी पीड़ित थे और उन्होंने कोविड-19 रोधी टीके की केवल पहली खुराक ली थी। इसके अलावा, इन 282 रोगियों में से केवल 17 को ही अस्पताल में भर्ती होने की आवश्यकता थी। अस्पताल में भर्ती मरीजों में से नौ ओमीक्रोन से संक्रमित हैं।  

महाराष्ट्र में सबसे खराब स्थिति मुंबई की है। मुंबई में कोविड पॉजिटिव की संख्या 4 दिनों में दोगुनी रफ्तार से बढ़ रही है। ऐसे में बढ़ते कोविड मरीजों के इलाज के लिये कोविड केयर सेंटर शुरू करने की तैयारी बीएमसी ने कर दी है। पूर्वी उपनगर में सोमैय्या मैदान पर करीब 1200 बेड का कोविड अस्पताल म्हाडा की मदद से शुरू किया जा रहा है। ऑक्सीजन बेड्स की फैसिलिटी के साथ यह कोविड सेंटर अगले 15 दिनों में तैयार रहेगा। करीब 1200 बेड के इस कोविड अस्पताल में 200 बेड ICU के हैं और 200 बेड छोटे बच्चों के लिए तैयार किये जा रहे हैं।ऑक्सीजन बेड्स की सुविधा के साथ तीसरी लहर को देखते हुए इसे 15 दिनों के भीतर शुरू करने की तैयारी कर दी गयी है। मुंबई के पूर्वी उपनगर के कोविड मरीज सायन अस्पताल और घाटकोपर के राजवाड़ी अस्पताल पर निर्भर रहते हैं, ऐसे में पूर्वी उपनगर के लोगों के लिए इससे राहत जरूर मिलेगी। 

देश में वैक्सीनेशन के 145 करोड़ डोज के रिकॉर्ड आंकड़े को पार कर लिया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने शुक्रवार को इसकी आधिकारिक घोषणा करते हुए कहा कि साल 2021 में तमाम चुनौतियों का सामना करते हुए देश के नागरिकों ने धैर्य का परिचय दिया है। इसके लिए हमारे देश के कोरोना वॉरियर्स खासकर डॉक्टर, वैज्ञानिक, हेल्थ वर्कर्स और फ्रंट लाइन वर्कर्स का आभार।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।