मुंबई में भारतीय जनता पार्टी का आलीशाल ऑफिस बन रहा है। सोमवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भूमिपूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। दक्षिण मुंबई के चर्चगेट इलाके में बन रहा नया दफ्तर दो वर्ष में तैयार हो जाएगा। महाराष्ट्र बीजेपी के इस कार्यालय को लेकर राजनीति भी छिड़ गई है। बीजेपी का कार्यालय आलीशान होगा। इसका निर्माण पूरा होने के बाद पार्टी के पदाधिकारी यहीं गेस्ट रूम में रुक सकेंगे।
महाराष्ट्र बीजेपी का नया कार्यालय चर्चगेट इलाके में 1655 वर्ग मीटर एरिया के प्लॉट पर बनेगा। 55 हजार स्क्वायर फीट पर 15 मंजिला इमारत का निर्माण किया जाएगा। नीचे पांच मंजिला पार्किंग होगी। पार्टी के केंद्रीय नेता अब होटल या सरकारी गेस्ट हाउस में नहीं रुकेंगे, उनके रुकने के लिए भी इसी दफ्तर में गेस्ट रूम होंगे। पार्टी अध्यक्ष और पदाधिकारियों के अलग केबिन होंगे। मुख्यमंत्री के लिए भी इसी कार्यालय में अलग दफ्तर होगा। सभागार में करीबन चार सौ कार्यकर्ताओं के बैठने की जगह होगी। इसमें हाइटेक मीडिया सेंटर और कॉनफ्रेंस रूम भी होंगे। यह प्लाट बीजेपी ने एकनाथ रियलेट्सर्स नाम से निजी व्यक्ति से करीबन 90 करोड़ से खरीदा है ।
नए दफ्तर निर्माण का काम बीजेपी के पूर्व सांसद मनोज कोटक की देखरेख में हो रहा है। अब इस कार्यालय को लेकर राजनीति भी शुरू हो गई है। उद्धव शिवसेना के संजय राउत ने आरोप लगाया कि जमीन लेने में गड़बड़ी की गई है। राफेल की रफ्तार से फाइल घूमी और बीजेपी को जमीन मिली। विपक्ष के आरोप पर सीएम देवेंद्र फड़नवीस ने कहा कि जिनके घर शीशे के हैं, वह दूसरों के घर पर पत्थर ना मारे। उन्होंने कहा, “मुझे पहले से पता था कि जिस दिन हम भूमि पूजन करने वाले हैं, उसी दिन कुछ विपक्षी नेता इस पर सवाल उठाएँगे। इसलिए हमने पहले ही तय कर लिया था कि पार्टी कार्यालय के लिए भूखंड पूरी कानूनी प्रक्रिया और बीएमसी के सभी नियमों का पालन करते हुए खरीदा जाएगा।”
मुंबई के चर्चगेट में गृहमंत्री अमित शाह ने भूमिपूजन किया। इस दौरान सीएम देवेंद्र फड़नवीस सहित अन्य मंत्री और नेता उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में बीजेपी कार्यकर्ता और नेताओं को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ता के लिए कार्यालय मंदिर से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में बीजेपी अब किसी बैसाखी पर नहीं चलती। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा की अब देश में परिवारवाद की राजनीति नहीं चलेगी। परिवारवादी पार्टी की राजनीति अब देश में नहीं चलेगी। लोकतांत्रिक पार्टी में बीजेपी का विश्वास है, जो पार्टी अपने भीतर लोकतांत्रिक व्यवस्था नहीं अपनाती वह देश के लोकतंत्र को कैसे मजबूत करेगी।
अमित शाह ने कहा कि महाराष्ट्र में डबल इंजन सरकार है। आप इस से संतुष्ट होंगे पर मैं डबल इंजन से संतुष्ट नहीं हूं, बल्कि (केंद्र ,राज्य और स्थानीय निगम में भी) ट्रिपल इंजन की सरकार चाहता हूं। स्थानीय नगर निगम का चुनाव इतनी मजबूती से लड़ें कि विपक्ष का सूपड़ा साफ हो जाए। ऑपरेशन सिंदूर और ऑपरेशन महादेव ने साबित किया कि भारतीय सेना और सीमा के साथ छेड़छाड़ करोगे तो बर्बाद हो जाओगे। अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए शाह ने कहा कि हमने धारा 370 हटाया, सीएए लाए कुछ राज्यों में यूनिफार्म सिविल कोड की शुरुआत हुई है। उन्होंने कहा कि हमारे सामने लक्ष्य है कि 2047 तक आत्मनिर्भर और विकसित भारत बनाएं।
यह भी पढ़ें-
देश के किन 12 राज्यों में होगी SIR? यहां देखें पूरी लिस्ट
संपादक की पसंद