1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. सुसाइड पॉइंट बना मुंबई का 'अटल सेतु', 52 साल के बिजनेसमैन ने समंदर में लगाई छलांग; 3 दिन में ये दूसरी घटना

सुसाइड पॉइंट बना मुंबई का 'अटल सेतु', 52 साल के बिजनेसमैन ने समंदर में लगाई छलांग; 3 दिन में ये दूसरी घटना

 Published : Oct 03, 2024 02:17 pm IST,  Updated : Oct 03, 2024 02:28 pm IST

सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष के कर्मचारियों ने पुल एक कार खड़ी देखी, जिसके बाद बचाव दल को सूचित किया गया। नियंत्रण कक्ष के कर्मचारी उस स्थान पर पहुंचे, जहां से बिजनेसमैन फिलिप शाह समुद्र में कूदे थे। तलाश अभियान के बाद उन्हें ढूंढ निकाला गया।

atal setu- India TV Hindi
अटल सेतु Image Source : FILE PHOTO

मुंबई और नवी मुंबई को जोड़ने वाले ‘अटल सेतु’ से कूदकर 52 वर्षीय कारोबारी ने आत्महत्या कर ली। घटना बुधवार की है और पिछले तीन दिनों में ‘अटल सेतु’ पर आत्महत्या की यह दूसरी घटना है। इससे पहले सोमवार को एक बैंककर्मी ने भी ‘अटल सेतु’ से समुद्र में कूदकर अपनी जान दे दी थी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘बुधवार की सुबह ‘अटल सेतु’ से कूदकर कारोबारी फिलिप शाह ने अपनी जान दे दी। मध्य मुंबई के माटुंगा निवासी शाह अपनी सेडान कार से ‘अटल सेतु’ पहुंचे और एक स्थान पर कार को खड़ी कर समुद्र में छलांग लगा दी।’’

CCTV में पुल पर खड़ी दिखी कार

उन्होंने कहा, ‘‘पुल के सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष के कर्मचारियों ने वहां एक कार खड़ी देखी, जिसके बाद बचाव दल को सूचित किया गया। नियंत्रण कक्ष के कर्मचारी उस स्थान पर पहुंचे, जहां से शाह समुद्र में कूदे थे। तलाश अभियान के बाद उन्हें ढूंढ निकाला गया।’’ पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की पहचान उसके आधार कार्ड से की गई, जो कार में मिला था। पुलिस ने बताया कि शाह पिछले कुछ दिनों से तनाव में थे। नवी मुंबई के न्हावा शेवा थाने में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया गया है।

बैंक मैनेजर ने भी अटल सेतु में कूदकर दी जान

वहीं, इस घटना से दो दिन पहले ही सुशांत चक्रवर्ती नाम के व्यक्ति ने ऑफिस के वर्क लोड के चलते सुसाइड कर लिया था। सोमवार की सुबह लगभग 9:57 पर सुशांत ने अपनी कार को ब्रिज के किनारे पर पार्क किया। इसके बाद वह अटल सेतु से कूद गया। ऐसा बताया जा रहा है कि मृतक पब्लिक सेक्टर बैंक में काम करता था। मृतक की उम्र लगभग 40 साल के आसपास थी।

इसी साल जनवरी में हुआ था उद्घाटन

बता दें कि ‘अटल बिहारी वाजपेयी सेवरी-न्हावा शेवा अटल सेतु’ को मुंबई ट्रांस-हार्बर लिंक (MTHL) के नाम से भी जाना जाता है। यह पुल दक्षिण मुंबई को नवी मुंबई के सैटेलाइट शहर से जोड़ता है, जिसका उद्घाटन इस साल जनवरी में हुआ था। छह लेन वाला यह पुल 21.8 किलोमीटर लंबा है और इसे देश का सबसे लंबा समुद्री पुल कहा जाता है। (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

अटल सेतु पर आत्महत्या की कोशिश में थी महिला, Video में देखें कैसे बचाई गई जान

VIDEO: मुम्बई के अटल सेतु से शख्स ने समंदर में लगा दी छलांग, सुसाइड का वीडियो आया सामने

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।