1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. जलमग्न हुई मायानगरी मुंबई, भारी बारिश ने मचाई तबाही, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट

जलमग्न हुई मायानगरी मुंबई, भारी बारिश ने मचाई तबाही, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट

 Written By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Aug 19, 2025 03:59 pm IST,  Updated : Aug 19, 2025 03:59 pm IST

मुंबई इन दिनों भीषण बाढ़ और बारिश की मार झेल रहा है। इस कारण मुंबई के ज्यादातर रिहायशी इलाके जलमग्न हो चुके हैं। इस बीच मौसम विभाग ने भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी कर दिया है।

Mumbai city submerged heavy rains caused havoc Meteorological Department issued red alert- India TV Hindi
जलमग्न हुई मायानगरी मुंबई, भारी बारिश ने मचाई तबाही Image Source : PTI

मुंबई को देश की आर्थिक राजधानी कहा जाता है। सपनों की नगरी और बॉलीवुड की पूरी दुनिया मुंबई में रहती है। यहां प्रति व्यक्ति आय 4 लाख 50 हजार रुपये हैं। मुंबई में एक 2 BHK फ्लैट का औसतन किराया 80,500 रुपये है। यहां देश के बड़े बड़े उद्योगपति और फिल्मी कलाकार रहते हैं। ये तो हुई मुंबई की एक अच्छी और खुशनुमा तस्वीर। लेकिन इसी मुंबई की दूसरी तस्वीर ये है कि यहां बारिश के कारण ज्यादातर इलाके पानी में डूब चुके हैं। जुहू, विले पार्ले, सांता क्रूज, दादर, अंधेरी समेत मुंबई के कई इलाकों में जलभराव देखने को मिल रहा है। मुंबई में लगातार हो रही बारिश के कारण पानी लोगों के घरों में घुस गया है। सेंट्रल रेलवे के निचले इलाकों में पानी भर गया है। इस कारण ट्रेनों की आवाजाही भी थम गई है। मौसम विभाग ने मुंबई को लेकर आज फिर से रेड अलर्ट जारी किया है।

मुंबई में भारी बारिश से हाहाकार

मुंबई में लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम के कारण हाई टाइड का खतरा भी लगातार बना हुई है। इस बीच स्कूलों, कॉलेजों और दफ्तरों की छुट्टी कर दी गई है। बीएमसी ने लोगों से घर में रहने की अपील की है। सवाल ये है कि आखिर तीन दिन की बरसात में मुंबई का ये हाल आखिर क्यों हो गया। मुंबई का विले पार्ले अपनी अच्छी कनेक्टिविटी, हाई लिविंग स्टैंडर्ड और महंगे घरों के लिे जाना जाता है। यहां बॉलीवुड के कई हस्तियों के अलावा बड़े-बड़े बिजनेसमैनों के घर हैं। कुछ दिनों बाद मुंबई में गणपति उत्सव है। विले पार्ले में कई बड़े गणपति पंडाल लगते हैं। लेकिन लगातार हो रही बारिश की वजह से विले पार्ले की सड़कें जलमग्न हो चुकी हैं। इस कारण यहां जिंदगी थम सी गई है।

मुंबई में बारिश का रेड अलर्ट जारी

दरअसल मुंबई को तीन तरफा मार का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल यहां मूसलधार बारिश हो रही है, समंदर में हाई टाइड का खतरा बना हुआ है और मीठी नदी ने रौद्र रूप धारण कर रखा है। इस कारण मुंबई तीन तरफा मार झेल रहा है। मीठी नदी खतरे के निशान के ऊपर बह रही है। मीठी नदी का पानी रिहायशी इलाकों में घुस चुका है। कहीं सड़कें डूबी हैं तो कहीं बाढ़ का पानी लोगों के घरों के अंदर घुस चुका है। बता दें कि मुंबई में पिछले 24 घंटे से मूसलाधार बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ घंटे मुंबई के लिए बेहद अहम है। पूरे मुंबई में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।