1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुंबई: बारिश के कारण वेस्टर्न लाइन पर लोकल ट्रेन सेवाओं पर असर, उड़ानें भी प्रभावित

मुंबई: बारिश के कारण वेस्टर्न लाइन पर लोकल ट्रेन सेवाओं पर असर, उड़ानें भी प्रभावित

 Published : May 07, 2025 09:07 pm IST,  Updated : May 07, 2025 09:07 pm IST

बारिश के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली लेकिन ट्रेन सेवाएं और उड़ानों पर असर पड़ा। ‘इंडिगो’ ने यात्रियों को एडवाइजरी जारी कर बताया कि मौसम में व्यवधान के कारण विमानों की उड़ान अपने तय समय से प्रभावित हुई है।

Mumbai train- India TV Hindi
मुंबई में लोकल ट्रेनों पर असर Image Source : FILE

मुंबई: मुंबई में बुधवार को लगातार दूसरे दिन भी बादलों की गरज और तेज हवाओं के साथ बेमौसम बारिश जारी रही, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली लेकिन बारिश के कारण ट्रेन सेवाएं और उड़ानें कुछ समय के लिए प्रभावित हुईं। दक्षिण मुंबई में शाम करीब चार बजे जब क्रॉस मैदान में ‘मॉक ड्रिल’ का आयोजन किया जा रहा था उसी समय बादलों की गरज के साथ बारिश हुई। 

तेज हवाओं से पहुंचा नुकसान

तेज हवाओं के दौरान चर्चगेट और मरीन लाइंस रेलवे स्टेशन के बीच तारों पर निर्माण कार्यों के लिए इस्तेमाल की जाने वाली हरी चादर गिर गई। इसके अलावा, मरीन लाइंस स्टेशन पर पेड़ की टहनी भी तार पर गिर गई। पश्चिमी रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि आने जाने वाली धीमी गति की उपनगरीय ट्रेन सेवाएं शाम चार बजकर 25 मिनट पर अस्थायी रूप से रोक दी गईं, जबकि तेज गति से चलने वाली ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं। 

‘इंडिगो’ ने यात्रियों के लिए जारी की एडवाइजरी

मौसम के कारण मुंबई हवाई अड्डे पर उड़ानों में देरी हो रही है। घरेलू विमानन कंपनी ‘इंडिगो’ ने यात्रियों को एडवाइजरी जारी कर बताया कि मौसम में व्यवधान के कारण विमानों की उड़ान अपने तय समय से प्रभावित हुई है। इंडिगो ने कहा, ‘‘मुंबई में भारी बारिश के कारण हमारी उड़ानें अपने तय समय से प्रभावित हुई है। हालांकि हम हमेशा तय समय के अनुसार उड़ानों का परिचालन करने का प्रयास करते हैं, लेकिन हम आशा करते हैं कि आप यह समझेंगे कि मौसम संबंधी व्यवधान हमारे नियंत्रण से बाहर हैं। हम आपको सलाह देते हैं कि यात्रा पर जाने से पहले हमारी वेबसाइट या ऐप पर अपनी उड़ान की स्थिति जांच लें।’’ 

इससे पहले दिन में दहिसर, बोरीवली और मुंबई के अन्य उपनगरों में भारी बारिश हुई, जिससे दहिसर टोल नाका और अन्य इलाकों में घुटनों तक पानी जमा हो गया। मुंबई महानगर क्षेत्र के अंतर्गत डोंबिवली, ठाणे, दिवा, कल्याण और नवी मुंबई में सुबह के समय भारी बारिश दर्ज की गई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।