मुंबई: शहर के मालाड पूर्व स्थित कुरार विलेज इलाके से एक बेहद चिंताजनक घटना सामने आई है। यहां ऑटो रिक्शा में बैठने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। इस घटना को लेकर संजय निरुपम ने दावा किया है कि चार लड़कियों के साथ ऑटो रिक्शा में घुसकर कथित रूप से बदसलूकी और 18- 20 लड़कों ने मिलकर मारपीट की, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। मामले में कुरार पुलिस ने अब तक 2 महिला और 1 पुरुष आरोपी को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद शिवसेना नेता संजय निरुपम के साथ सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने मिलकर वारदात स्थल पर हनुमान चालीसा का पाठ किया।
ऑटो में बैठने को लेकर हुआ विवाद
पीड़ित लड़कियों के अनुसार, वे मालाड स्टेशन के पास ऑटो लेने के लिए खड़ी थीं। इसी दौरान एक बुर्के वाली महिला के साथ कहासुनी हुई, जिसके बाद बुर्के वाली महिला ने कुरार विलेज के रमेश होटल के पास इस्लामपुरा से कुछ मुस्लिम गुंडों को बुलाया। मुस्लिम लड़के रमेश होटल के पास मौके पर पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी, जिसके बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। लड़कियों का आरोप है कि उन्हें ऑटो से उतारकर 20 लड़कों ने मिलकर मारा है। घटना का कुछ हिस्सा CCTV में भी कैद बताया जा रहा है।
हनुमान चालीसा पढ़कर जताया विरोध
शुरुआत में पुलिस की कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। हालांकि शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने अब तक 2 महिलाओं और 1 पुरुष को गिरफ्तार कर लिया है और जांच जारी है। इस घटना के बाद कुछ सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने विरोध जताते हुए दोपहर के समय इलाके में शिवसेना शिंदे गुट के नेता संजय निरुपम और मिथुन सिंह के मार्गदर्शन में हनुमान चालीसा का पाठ पढ़ा। उनका कहना है कि यह आयोजन शांति और न्याय की मांग को लेकर किया जा रहा है। वहीं पुलिस और प्रशासन ने सभी नागरिकों से शांति बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने और कानून व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।
यह भी पढ़ें-
विधायक की लग्जरी कार अचानक बनी आग का गोला! गाड़ी के धू-धूकर जलने का VIDEO आया सामने