1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. विधायक की लग्जरी कार अचानक बनी आग का गोला! गाड़ी के धू-धूकर जलने का VIDEO आया सामने

विधायक की लग्जरी कार अचानक बनी आग का गोला! गाड़ी के धू-धूकर जलने का VIDEO आया सामने

 Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Mar 22, 2026 06:42 am IST,  Updated : Mar 22, 2026 07:32 am IST

कानपुर में सपा विधायक की फॉर्च्यूनर कार आग का गोला बन गई। कार सवारों ने जल्दी से गाड़ी से निकलकर अपनी जान बचाई। ईद पर रिश्तेदार विधायक की गाड़ी ले गए थे।

kanpur sp mla car fire- India TV Hindi
कानपुर में सपा विधायक मोहम्मद हसन रूमी की कार में आग लग गई है। Image Source : REPORTERS INPUT

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक बार फिर शॉर्ट सर्किट के कारण लग्जरी कार आग का गोला बन गई। बीते शनिवार की शाम की ये घटना बताई जा रही है, जिसमें जाजमऊ क्षेत्र की डिफेंस कॉलोनी में इस लग्जरी एसयूवी टोयोटा फॉर्च्यूनर में अचानक से भीषण आग लग गई। चश्मदीदों के अनुसार, घटना के समय कार सड़क पर तेज रफ्तार से दौड़ रही थी, जिसके कारण आग की लपटें और तेज हो गईं। फिर कार कुछ ही पलों के अंदर आग का गोला बन गई। गनीमत रही कि कार में सवार 2 युवकों ने तुरंत कूदकर अपनी जान बचाई और बड़ा हादसा टल गया।

विधायक के नाम रजिस्टर निकली कार

गाड़ी मालिक का नंबर सर्च करने पर ये लग्जरी कार समाजवादी पार्टी के कानपुर कैंट विधायक मोहम्मद हसन रूमी के नाम पर रजिस्टर देखी गई, लेकिन घटना के वक्त हसन रूमी कार में मौजूद नहीं थे। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय निवासियों में खलबली मच गई। चश्मदीदों के अनुसार, आग लगने के बाद भी कार लगभग 50 मीटर तक सड़क पर चलती रही, जिससे आसपास के लोग स्तब्ध रह गए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कार का अगला हिस्सा जलकर खाक हो गया।

बड़ी मशक्कत से बुझी कार की आग

स्थानीय लोगों ने तत्काल प्रतिक्रिया दिखाई और आसपास के घरों से पानी के पाइप निकालकर आग बुझाने का प्रयास किया। करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद उन्होंने आग पर काबू पा लिया। इस दौरान लोगों में अफरा-तफरी का माहौल था, क्योंकि कार के अंदर दबाव बनने से ब्लास्ट होने का खतरा मंडरा रहा था। कुछ लोगों ने ईंट-पत्थरों से कार के शीशे तोड़कर आग को और फैलने से रोका।

गाड़ी से निकलकर युवकों ने बचाई जान

चश्मदीदों ने बताया कि डिफेंस कॉलोनी में शाम के समय युवा अक्सर स्टंटबाजी करते नजर आते हैं। घटना के वक्त दो कारें साथ-साथ जा रही थीं, जिनमें 6 से अधिक युवक सवार थे। आग लगते ही सभी लोग घबराकर कारों से बाहर निकल भागे। लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी, लेकिन राहत यह रही कि स्थानीय लोगों की त्वरित कार्रवाई से आग बुझ गई और दमकल की गाड़ियां पहुंचने से पहले ही स्थिति नियंत्रण में आ गई।

गनीमत रही कि कार में नहीं थे विधायक

पुलिस जांच में कार का रजिस्ट्रेशन नंबर चेक करने पर पता चला कि यह वाहन कैंट विधानसभा क्षेत्र से सपा विधायक मोहम्मद हसन रूमी के नाम पर रजिस्टर्ड है। वाहन पर कुल सात चालान लंबित थे, जिनमें से एक चालान जमा हो चुका था, जबकि 6 अभी भी बकाया हैं। गनीमत रही कि घटना के वक्त गाड़ी में सपा विधायक मौजूद नहीं थे। फिलहाल आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि फायर ब्रिगेड की टीम ने कहा है कि आग के सटीक कारणों की गहन जांच की जा रही है। फायर अधिकारी राहुल नंदन ने पुष्टि की कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है और सभी सुरक्षित हैं।

पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त फॉर्च्यूनर को सड़क से हटवाया, जिससे यातायात बहाल हो सका। इस घटना ने एक बार फिर वाहनों में इलेक्ट्रिकल सिस्टम की सुरक्षा और रखरखाव के मुद्दे को उजागर कर दिया है। खासकर लग्जरी वाहनों में शॉर्ट सर्किट जैसी छोटी खराबी बड़े हादसे का रूप ले सकती है। 

(इनपुट- अनुराग श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें- संभल में ईद के दौरान एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच जमकर चले ईंट पत्थर, पथराव में कई लोग घायल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।