1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. संभल में ईद के दौरान एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच जमकर चले ईंट पत्थर, पथराव में कई लोग घायल

संभल में ईद के दौरान एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच जमकर चले ईंट पत्थर, पथराव में कई लोग घायल

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Mar 21, 2026 04:09 pm IST,  Updated : Mar 21, 2026 07:12 pm IST

संभल में एक समुदाय के दो पक्षों के बीच पथराव हुआ। मारपीट में कई लोग घायल हुए हैं। पथराव की वजह से लोग जान बचाकर भाग खड़े हुए। फिलहाल पुलिस माौके पर है। मामले की जांच की जा रही है।

दो पक्षों के बीच जमकर चले ईंट पत्थर- India TV Hindi
दो पक्षों के बीच जमकर चले ईंट पत्थर Image Source : REPORTER

संभलः  संभल में असमोली थाना क्षेत्र के गांव ओबरी में ईद के दिन खुशियों का माहौल उस समय तनाव में तब्दील हो गया। जब एक मामूली विवाद ने उग्र रूप ले लिया। यहां दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते पथराव में बदल गई। इससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ईट-पत्थरों की बौछार के बीच लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

इस वजह से हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, विवाद की जड़ बेहद ही साधारण थी। गांव में कीचड़ भरे रास्ते से वाहन निकलने के दौरान कुछ लोगों के कपड़ों पर कीचड़ पड़ गया। इसी बात को लेकर जावेद और फिदा हुसैन पक्ष के बीच बहस शुरू हुई। जो कुछ ही देर में बढ़कर झगड़े में तब्दील हो गई। माहौल इतना बिगड़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर पत्थराव शुरू कर दिया।

गांव में पुलिस तैनात

अचानक हुए इस हमले से गांव में भगदड़ जैसे हालात बन गए। महिलाओं और बच्चों में खासा डर देखने को मिला। इस घटना में कुछ लोग चोटिल होने की सूचना है। हालांकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की बात सामने नहीं आई है। घटना के बाद कुछ समय तक पूरे इलाके में तनाव बना रहा। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस बल की तैनाती के बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है। लेकिन एहतियातन पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

सीओ कुलदीप कुमार ने पूरे मामले पर स्पष्ट करते हुए कहा कि असमोली थाना क्षेत्र के गांव ओबरी में जावेद और फिदा हुसैन पक्ष के बीच कपड़ों पर कीचड़ पड़ने को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान एक पक्ष ने एकत्र होकर दूसरे पक्ष पर पथराव और गाली-गलौज की। फिदा हुसैन की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना का ईद की नमाज या किसी धार्मिक कार्यक्रम से कोई संबंध नहीं है।

रिपोर्ट- रोहित व्यास, संभल

 

 

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।