1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. रेलवे Group D भर्ती में ‘मुन्ना भाई’ फर्जीवाड़ा, दो अभ्यर्थियों की जगह बैठे बोगस उम्मीदवार, 4 पर केस दर्ज

रेलवे Group D भर्ती में ‘मुन्ना भाई’ फर्जीवाड़ा, दो अभ्यर्थियों की जगह बैठे बोगस उम्मीदवार, 4 पर केस दर्ज

 Reported By: Yogendra Tiwari,  Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Sep 07, 2026 05:15 pm IST,  Updated : Sep 07, 2026 06:17 pm IST

राजेंद्र कुमार परदेसी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। परदेसी मध्य रेलवे में रिक्रूटमेंट सेल के अधिकारी हैं। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : PTI

मध्य रेलवे की ग्रुप डी भर्ती प्रक्रिया में मुन्नाभाई की तरह फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। नागपुर में आयोजित शारीरिक पात्रता परीक्षा (PET) में दो असली अभ्यर्थियों की जगह बोगस उम्मीदवार परीक्षा देने पहुंच गए। परीक्षा पूरी होने के बाद दस्तावेजों की जांच के दौरान फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। मामले में अजनी पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और साजिश सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

असली अभ्यर्थियों की जगह दूसरे युवकों को परीक्षा में बैठाया

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने आपस में मिलीभगत कर असली अभ्यर्थियों की जगह दूसरे युवकों को परीक्षा में बैठाया। इसके लिए प्रवेश पत्र में हेराफेरी करने के साथ फर्जी पहचान पत्र और अन्य दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया। जांच में सामने आया है कि इस पूरे मामले में दो आरोपी उत्तर प्रदेश और दो राजस्थान के रहने वाले हैं। पुलिस को आशंका है कि इसके पीछे अंतरराज्यीय गिरोह सक्रिय हो सकता है।

जून महीने में आयोजित की गई थी भर्ती परीक्षा

दरअसल, मध्य रेलवे की ओर से जून महीने में ग्रुप डी पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों की शारीरिक पात्रता परीक्षा नागपुर के अजनी रेलवे स्टेडियम मैदान में कराई गई। इसी दौरान अंकित तिवारी की जगह शिवम यादव बोगस उम्मीदवार बनकर परीक्षा देने पहुंचा। वहीं, दूसरे अभ्यर्थी बुधराम की जगह राहुल कुमार मीणा ने परीक्षा दी।

हेरफेर कर फोटो और फर्जी दस्तावेज लगाए 

आरोप है कि दोनों बोगस उम्मीदवारों ने असली अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र में हेरफेर कर अपनी फोटो और फर्जी दस्तावेज लगाए थे। शारीरिक परीक्षा पूरी होने के बाद मध्य रेलवे के रिक्रूटमेंट सेल ने अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच शुरू की। इस दौरान असली उम्मीदवारों के रिकॉर्ड और परीक्षा में शामिल हुए युवकों के दस्तावेजों में अंतर मिला।

पुलिस ने इन धाराओं में दर्ज किया केस 

फर्जीवाड़े का संदेह होने पर मध्य रेलवे रिक्रूटमेंट सेल के अधिकारी राजेंद्र कुमार परदेसी ने अजनी पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 319 और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है।

जांच कर रही पुलिस की टीम

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी दस्तावेज किसने तैयार किए और इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं। मामले की जांच में अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय गिरोह की भूमिका भी खंगाली जा रही है। 

ये भी पढ़ें: 

मुंबई में टीपू सुल्तान के नाम पर पार्क का विरोध, अब BMC कर रहा प्रस्ताव को वापस लेने की तैयारी

 
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।