महाराष्ट्र: विश्व हिंदू परिषद (VHP) की पहल पर नागपुर में गरबा पंडालों के प्रवेश द्वार पर भगवान विष्णु के 'वराह अवतार' की तस्वीरें लगाई गई हैं। इन पंडालों में प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति को पहले इन तस्वीरों की पूजा और दर्शन करने के बाद ही अंदर जाने दिया जा रहा है।
प्रवेश द्वार पर तस्वीरें
वीएचपी के धर्म प्रसार विभाग के विदर्भ प्रमुख राजकुमार शर्मा ने बताया कि यह कदम गैर-हिंदुओं को गरबा पंडालों में प्रवेश करने से रोकने के लिए उठाया गया है। उन्होंने कहा कि पंडालों में प्रवेश के लिए माथे पर तिलक और हाथ में रक्षा सूत्र होना अनिवार्य है।
विश्व हिंदू परिषद का मानना है कि यह पहल लव जिहाद को रोकने के लिए की गई है। उनका कहना है कि वराह अवतार की तस्वीरें लगाने से यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि केवल हिंदू धर्म के लोग ही पंडालों में प्रवेश करें। वीएचपी के कई पदाधिकारी भी पंडालों में मौजूद रहकर इस व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।
'वराह अवतार' के बारे में
बता दें कि 'वराह अवतार' भगवान विष्णु के दस मुख्य अवतारों में से एक है। 'वराह' का अर्थ है जंगली सूअर। माना जाता है कि यह अवतार उन्होंने पृथ्वी को बचाने के लिए लिया था। पौराणिक कथा के अनुसार, एक शक्तिशाली राक्षस हिरण्याक्ष ने पृथ्वी को उठाकर गहरे सागर की तलहटी में छिपा दिया था। तब भगवान विष्णु ने वराह का विशाल रूप धारण किया। उन्होंने उस राक्षस से युद्ध किया, उसे हराया, और अपनी नुकीली दाढ़ों पर पृथ्वी को उठाकर वापस उसके सही स्थान पर स्थापित कर दिया।
ये भी पढ़ें-
विवाह के बाद शिमला पहुंचे मंत्री विक्रमादित्य सिंह और उनकी पत्नी का यूं हुआ वेलकम, देखें VIDEO
उत्तराखंड में फिर भारी बारिश का 'खौफ', आज से 7 दिनों के लिए मौसम विभाग ने दी चेतावनी