1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. सलमान खान के घर पर फायरिंग मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, आज कोर्ट में होगी पेशी

सलमान खान के घर पर फायरिंग मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, आज कोर्ट में होगी पेशी

 Reported By: Atul Singh Edited By: Amar Deep
 Published : May 14, 2024 11:05 am IST,  Updated : May 14, 2024 11:29 am IST

मुंबई के बांद्रा इलाके में स्थित अभिनेता सलमान खान के घर पर फायरिंग मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी हरियाणा के फतेहाबाद का रहने वाला है।

सलमान खान के घर फायरिंग मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार।- India TV Hindi
सलमान खान के घर फायरिंग मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार। Image Source : PTI/FILE

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के घर फायरिंग मामले में मुंबई पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। मुंबई पुलिस ने पिछले महीने हुई गोलीबारी के सिलसिले में मुंबई पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के एक और सदस्य को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को इस मामले की जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान 34 वर्षीय हरपाल सिंह के रूप में हुई है। आरोपी हरियाणा के फतेहाबाद का निवासी है। 

आज सुबह लाया गया मुंबई

मुंबई क्राइम ब्रांच की एक टीम ने सोमवार शाम को आरोपी को उसके गृहनगर से गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि आरोपी हरपाल सिंह को मंगलवार तड़के मुंबई लाया गया और उसे आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। मुंबई पुलिस ने अब तक इस मामले में कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारी ने बताया कि लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के एक अन्य सदस्य और आरोपी मोहम्मद रफीक चौधरी ने पूछताछ के दौरान इस मामले में सिंह की संलिप्तता को उजागर किया था। 

अनमोल और लॉरेंस बिश्नोई का भी नाम

बता दें कि पुलिस ने रफीक चौधरी को इस महीने की शुरुआत में गिरफ्तार किया था। पुलिस ने बताया कि सिंह ने रफीक चौधरी को सलमान खान के आवास के आसपास ‘रेकी’ करने के लिए कहा था और इस काम के लिए उसे दो से तीन लाख रुपये भी दिए थे। वर्तमान में गुजरात के अहमदाबाद में साबरमती सेंट्र्ल जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई और उसके छोटे भाई अनमोल बिश्नोई का नाम गोलीबारी मामले में सामने आया है। माना जा रहा है कि अनमोल अमेरिका या कनाडा में है। 

बाइक सवार बदमाशों ने की थी फायरिंग

बता दें कि मुंबई के बांद्रा इलाके में स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट में सलमान खान के आवास के बाहर 14 अप्रैल को फायरिंग हुई थी। दो बाइक सवार लोगों ने सलमान खान के घर पर कई राउंड फायरिंग की थी। फायरिंग के बाद से आरोपी मौके से फरार हो गए थे। वहीं अब मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है। इस क्रम में पुलिस ने अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है।

यह भी पढ़ें- 

मुंबई: जिस होर्डिंग ने ली अब तक 14 लोगों की जान, उसे लगाने के लिए नहीं ली गई थी परमिशन

महाराष्ट्र: मतदान केंद्र में वीडियो रिकॉर्ड करना पड़ा भारी, उम्मीदवार के खिलाफ मामला दर्ज

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।