Tuesday, March 10, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. बदमाशों ने आंख में मिर्ची फेंक कर लूट लिए लाखों रुपये, शादी के निमंत्रण कार्ड से पुलिस ने सुलझाई गुत्थी

बदमाशों ने आंख में मिर्ची फेंक कर लूट लिए लाखों रुपये, शादी के निमंत्रण कार्ड से पुलिस ने सुलझाई गुत्थी

Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61 Published : Apr 03, 2025 06:13 pm IST, Updated : Apr 03, 2025 06:13 pm IST

महाराष्ट्र के पालघर जिले में पुलिस ने एक लूटपाट के मामले को शादी के निमंत्रण कार्ड के जरिए सॉल्व कर लिया है। दरअसल बदमाशों ने पीड़ित के आंख में मिर्ची फेंककर लाखों रुपये लूट लिए।

palghar miscreants robbed lakhs of rupees by throwing chilli powder in the eyes police solved the my- India TV Hindi
Image Source : PTI प्रतीकात्मक तस्वीर

महाराष्ट्र के पालघर जिले में पुलिस को शादी के निमंत्रण कार्ड से लूटपाट का एक मामला सुलझाने में मदद मिली है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि लूटपाट की घटना 28 मार्च को जौहर के वावर गांव के पास हुई थी। जिला पुलिस अधीक्षक बालासाहेब पाटिल ने बताया कि बोरु खांडू बिन्नर (30) मोखाडा तालुका के खोडाला का निवासी है और वह एक पिकअप वैन में यात्रा कर रहा था, तभी तीन अज्ञात व्यक्तियों ने अपनी मोटरसाइकिल खराब होने का बहाना करके उसे रोका। 

आंख में मिर्ची का पाउडर फेंक कर लूट लिए पैसे

पाटिल के मुताबिक, बिन्नर ने वैन चालक से उनकी मदद के लिए रुकने को कहा, जिसके बाद तीनों ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर फेंका और चालक की सीट के पीछे रखे 6,85,500 रुपये नकद लूटकर भाग गए। भागने से पहले उन्होंने व्यक्ति को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। पाटिल के अनुसार, बिन्नर की शिकायत पर जौहर पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) (डकैती) और 3(5) (सामान्य इरादा) के तहत मामला दर्ज किया। उन्होंने बताया कि अपराध स्थल पर जांच के दौरान पुलिस को एक निमंत्रण कार्ड मिला, जिसमें लुटेरों ने मिर्च पाउडर रखा था। 

शादी के निमंत्रण कार्ड से हुआ खुलासा

पाटिल ने कहा कि पुलिस ने उस व्यक्ति को खोज निकाला, जिसका नाम निमंत्रण कार्ड पर लिखा था और पूछताछ में पाया कि वह लूट में शामिल था। उन्होंने बताया कि बाद में तीन अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया गया। पाटिल के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में दत्तू खांडू बिन्नर (34) शामिल है, जो पीड़ित का भाई है और उसी ने कथित तौर पर लूटपाट की योजना बनाई थी। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से लूट की पूरी रकम बरामद कर ली है। 

(इनपुट-भाषा)

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement