1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. 'तुमसे न हो पाएगा, अब मैं आता हूं मारने', केतन की हत्या में नाकाम रहने पर सिया से नाराज हो गया था चेतन, पढ़ें चौंकाने वाला खुलासा

'तुमसे न हो पाएगा, अब मैं आता हूं मारने', केतन की हत्या में नाकाम रहने पर सिया से नाराज हो गया था चेतन, पढ़ें चौंकाने वाला खुलासा

 Published : Jun 25, 2026 10:54 pm IST,  Updated : Jul 03, 2026 12:55 pm IST

पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड को लेकर एक के बाद एक कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, आरोपी चेतन चौधरी ने असफल कोशिशों के बाद सिया को कहा था कि तुमसे नहीं हो पाएगा, अब मैं आता हूं केतन को मारने।

pune ketan Agarwal murder case - India TV Hindi
केतन अग्रवाल हत्याकांड। Image Source : REPORTER

पुणे में लोहागढ़ किले पर केतन अग्रवाल की मौत के मामले में पुलिस पूछताछ के दौरान एक बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, केतन की हत्या की पहली साजिश 31 मई को रची गई थी लेकिन वह कोशिश नाकाम रही। पुलिस सूत्रों का कहना है कि सिया गोयल ने पूछताछ में बताया कि केतन को ट्रेकिंग और किलों पर घूमने का बेहद शौक था। इसी वजह से उसे निशाना बनाने के लिए यह तरीका चुना गया। योजना थी कि उसके इस शौक का फायदा उठाकर उसे किसी सुनसान जगह ले जाया जाए और हत्या को दुर्घटना का रूप दे दिया जाए।

पहली नाकाम कोशिश: 31 मई, लोहागढ़ किला

पुलिस के मुताबिक, 31 मई को सिया और केतन लोहागढ़ किले पर गए थे। जांच में सामने आया है कि उसी दिन केतन को एक सुनसान स्थान से धक्का देकर मारने और इसे ट्रेकिंग के दौरान हुई दुर्घटना दिखाने की योजना थी। लेकिन यह योजना सफल नहीं हो सकी।

दूसरी साजिश: 1 जून को बनी, 4 जून को अंजाम देने की तैयारी

31 मई की कोशिश नाकाम होने के बाद सिया और चेतन ने 1 जून को बैठकर एक नई और कथित तौर पर “फूलप्रूफ” योजना बनाई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, योजना यह थी कि सिया 4 जून को फिर केतन को किले पर ले जाएगी और वहां से उसे खाई में धक्का दे देगी। लेकिन यह योजना भी सफल नहीं हो सकी। सूत्रों का कहना है कि 6 जून को सिया और केतन की बाली यात्रा तय थी, लेकिन पारिवारिक दबाव और परिस्थितियों के चलते घटनाक्रम बदल गया और 4 जून की योजना भी विफल हो गई।

चेतन लगातार बना रहा था दबाव

वरिष्ठ पुलिस सूत्रों के अनुसार चेतन लगातार सिया पर दबाव बना रहा था और बार-बार केतन को रास्ते से हटाने की बात कर रहा था। सूत्रों का दावा है कि चेतन, सिया के केतन के साथ बाली जाने का भी विरोध कर रहा था। जांच के मुताबिक, इसी दबाव के बीच 6 जून को मुंबई एयरपोर्ट जाते समय सिया ने कथित तौर पर केतन का पासपोर्ट फाड़कर फ्लश कर दिया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि रास्ते में एक होटल पर रुकने के दौरान सिया ने यह कहकर मौका बनाया कि मोबाइल फोन कार में रह गया है और उसी दौरान उसने पासपोर्ट नष्ट कर दिया।

पासपोर्ट विवाद के बाद बढ़ा तनाव

पासपोर्ट गायब होने की वजह से बाली यात्रा रद्द हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इसके बाद केतन सिया से बेहद नाराज था। जांचकर्ताओं का मानना है कि केतन को शक होने लगा था कि पासपोर्ट गलती से नहीं, बल्कि जानबूझकर नष्ट किया गया है। इसके बाद दोनों के बीच लगातार झगड़े और बहस होने लगी।

तीसरी कोशिश: 14 जून को भी असफलता

4 जून की योजना विफल होने के बाद सिया और चेतन ने 14 जून के लिए एक और योजना बनाई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उस दिन भी सिया और केतन किले पर गए थे और हत्या की कोशिश की जानी थी। लेकिन सिया कथित तौर पर केतन को धक्का नहीं दे पाई और यह प्रयास भी नाकाम रहा।

“तुमसे नहीं हो पाएगा, अब मैं मारूंगा”

पुलिस सूत्रों के अनुसार, लगातार असफलताओं से चेतन बेहद नाराज हो गया था। 14 जून की कोशिश नाकाम होने के बाद चेतन ने कथित तौर पर सिया से कहा: “अब नया प्लान 18 तारीख का है... केतन को मैं मारूंगा, तुमसे नहीं हो पाएगा।” जांचकर्ताओं के मुताबिक, यह साजिश का अहम मोड़ था। इससे पहले की दोनों कोशिशों में हत्या की जिम्मेदारी कथित तौर पर केवल सिया पर थी और चेतन किले पर नहीं गया था। लेकिन 18 जून की योजना के लिए चेतन ने पहली बार खुद लोहागढ़ किले पर जाने और हत्या को अंजाम देने का फैसला किया।

18 जून : हत्या की साजिश हुई सफल

पुलिस जांच के अनुसार, 18 जून वह दिन था जब हत्या की योजना को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। सूत्रों का कहना है कि चेतन पहली बार लोहागढ़ किले पर पहुंचा और इसके बाद हत्या की घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस अब 18 जून को वह दिन मान रही है जब साजिश और असफल प्रयासों का सिलसिला वास्तविक हत्या में बदल गया।

18 जून की चैट पुलिस के रडार पर

जांच में यह भी सामने आया है कि 18 जून को सिया और चेतन लगातार चैट के जरिए संपर्क में थे। पुलिस का मानना है कि ये चैट महत्वपूर्ण सबूत हैं, क्योंकि इनके जरिए हत्या की अंतिम योजना और दोनों के बीच समन्वय का पता चल सकता है।

बचने के लिए दूसरे के फोन का इस्तेमाल?

मामले में एक और बड़ा खुलासा यह हुआ है कि चेतन ने कथित तौर पर अपने दुकान में काम करने वाले नीरज कुमार का मोबाइल फोन इस्तेमाल किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, ऐसा इसलिए किया गया ताकि उसकी वास्तविक लोकेशन सीधे तौर पर ट्रैक न हो सके। जांचकर्ताओं को शक है कि अगर अपराध की जांच होती तो किसी दूसरे व्यक्ति के फोन के इस्तेमाल से उसकी गतिविधियों और बातचीत का पता लगाना मुश्किल हो जाता।

सिया नहीं करना चाहती थी शादी

पूछताछ के दौरान सिया ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि वह इस समय केतन से शादी नहीं करना चाहती थी। सूत्रों के अनुसार, उसने यह बात अपने परिवार और केतन दोनों को बताई थी। पुलिस का मानना है कि यही मुद्दा दोनों के बीच तनाव और विवाद की बड़ी वजह बन गया था। जांचकर्ताओं के मुताबिक, सिया ने कई बार चेतन से भी कहा था कि वह यह शादी नहीं करना चाहती।

हत्या पर कोई पछतावा नहीं

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों से बार-बार पूछा गया कि क्या उन्हें केतन की हत्या पर पछतावा है। सूत्रों का दावा है कि दोनों ने कहा कि उन्हें किसी तरह का पछतावा नहीं है।

अंतिम धक्के को लेकर एक-दूसरे पर आरोप

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपी अब हत्या के अंतिम क्षण की जिम्मेदारी एक-दूसरे पर डाल रहे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, चेतन का कहना है कि केतन को धक्का सिया ने दिया था, जबकि सिया का दावा है कि यह काम चेतन ने किया। हालांकि पुलिस का कहना है कि दोनों ने साजिश और हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार की है, लेकिन अंतिम धक्का किसने दिया, इसे लेकर दोनों एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।

18 जून की तारीख क्यों चुनी गई?

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या के समय को लेकर एक और संभावित वजह थी। सूत्रों के अनुसार, चेतन नहीं चाहता था कि सिया 19 जून को अपने जन्मदिन के मौके पर केतन के साथ महाबलेश्वर जाए। जांचकर्ताओं का मानना है कि यही कारणों में से एक था कि 18 जून को अंतिम तारीख के रूप में चुना गया, ताकि केतन के साथ जन्मदिन की यात्रा कभी हो ही न सके।

ये भी पढ़ें- 31 मई को रेकी, 18 जून को हत्या... केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस का चौंकाने वाला खुलासा

केतन की हत्या कैसे की? दो हजार से ज्यादा कॉल्स, सिया और चेतन ने ऑनलाइन ढूंढा था मर्डर का तरीका

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।