महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले के सोयगांव तालुका के बनोटी गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां कुछ युवकों ने एक विशाल अजगर को न केवल बेरहमी से मार डाला, बल्कि उसके पेट को चीरकर उसमें फंसी हुई बकरी को भी बाहर निकाला। इस अमानवीय कृत्य का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
अजगर को पकड़ कर मार डाला
यह घटना तब हुई जब एक अजगर ने बकरी को निगल लिया था। गांव के कुछ युवकों ने अजगर को पकड़ा और फिर उसे मार डाला। क्रूरता की हद पार करते हुए उन्होंने अजगर का पेट चीर दिया, ताकि बकरी को बाहर निकाला जा सके। इस पूरी घटना को मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड किया गया और जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया, यह तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो देखने के बाद ग्रामीणों के साथ-साथ वन्यजीव और पर्यावरण से जुड़े कार्यकर्ताओं में भी भारी आक्रोश है। यह मामला सामने आने के बाद वन विभाग और पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है।
सोसाइटी से 10 फुट लंबा अजगर रेस्क्यू
एक अन्य खबर में, मुंबई के मुलुंड इलाके में एक आवासीय परिसर में 10 फुट लंबा अजगर घुस गया, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। ‘इंडियन रॉक पायथन’ को मंगलवार को बचाया गया और बाद में जंगल में छोड़ दिया गया। यह सरीसृप हाउसिंग सोसाइटी परिसर में घुस आया था। अजगर सोसाइटी के एक पेड़ पर चढ़ गया और उसकी एक झलक पाने के लिए भारी भीड़ जमा हो गई थी। भारी बारिश के कारण बिल में पानी भर जाने से यह अजगर बाहर आ गया था। संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान के जंगल घटनास्थल से एक किलोमीटर से भी कम दूरी पर हैं।
(रिपोर्ट- देव राजाले)
ये भी पढ़ें-
20 साल पहले हिजबुल मुजाहिदीन का आतंकी हुआ था फरार, J-K पुलिस ने शुरू की बड़ी कार्रवाई