1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. 'राष्ट्रीय नायकों को बदनाम करने बंद करें भाजपा व कांग्रेस, देश के कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर करें फोकस'- राज ठाकरे

'राष्ट्रीय नायकों को बदनाम करने बंद करें भाजपा व कांग्रेस, देश के कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर करें फोकस'- राज ठाकरे

 Reported By: PTI, Edited By: Akash Mishra
 Published : Nov 28, 2022 08:57 am IST,  Updated : Nov 28, 2022 08:57 am IST

मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने कहा कांग्रेस व भाजपा वी डी सावरकर और जवाहरलाल नेहरू जैसी राष्ट्रीय शख्सियतों को बदनाम करना बंद करें और इसके बजाय देश के सामने पेश अहम मुद्दों पर फोकस करें।

मनसे प्रमुख राज ठाकरे(फाइल फोटो)- India TV Hindi
मनसे प्रमुख राज ठाकरे(फाइल फोटो) Image Source : PTI

महाराष्ट्र| महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर जोरदार हमला किया। उन्होंने कहा कि वे वी डी सावरकर और जवाहरलाल नेहरू जैसी राष्ट्रीय शख्सियतों को बदनाम करना बंद करें और इसके बजाय देश के सामने पेश अहम मुद्दों पर फोकस करें। ठाकरे ने एक सम्मेलन में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए लड़ने वाले राष्ट्रीय नायकों की आलोचना करना अनुचित है क्योंकि सभी के पॉजिटिव और निगेटिव पहलू होते हैं।

हाल में सावरकर पर राहुल के बयान पर हुआ था बवाल 

राज ठाकरे ने कहा, “क्या राहुल गांधी का कद सावरकर के बारे में बुरा बोलने का है, जिन्हें 50 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई गई थी? जेल से बाहर आने की रणनीति नाम की कोई चीज होती है। इसे समर्पण या माफी कैसे कहा जा सकता है?” दरअसल, राहुल गांधी ने कुछ दिनों पहले यह दावा करके एक विवाद खड़ा कर दिया था कि सावरकर ने अंग्रेजों से दया के लिए अंडमान सेलुलर जेल से उन्हें याचिकाएं भेजी थी। 

'हर किसी के पॉजिटिव और निगेटिव पहलू होते हैं'

मनसे प्रमुख ने कहा, “भाजपा पंडित जवाहरलाल नेहरू को बदनाम कर रही है और यह बंद होना चाहिए। देश के सामने कई महत्वपूर्ण मुद्दे हैं जिन पर फोकस किया जाना चाहिए। आजादी की लड़ाई लड़ने वाले राष्ट्रीय नायकों की आलोचना करने से आपको कोई लाभ नहीं होगा। हर किसी के पॉजिटिव और निगेटिव पहलू होते हैं। अब निगेटिव साइड को उजागर करने की जरूरत नहीं है।” 

मनसे राजनीतिक दल के रूप में समाप्त हो गई है- कांग्रेस

ठाकरे ने छत्रपति शिवाजी के बारे में टिप्पणी करने पर महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी की भी आलोचना की और उन पर 'मराठी विरोधी' होने का भी आरोप लगाया। इस बीच, कांग्रेस ने ठाकरे पर पलटवार करते हुए कहा कि लोगों का उन पर से विश्वास उठ गया है क्योंकि वह अपना राजनीतिक रुख बदलते रहते हैं। मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष भाई जगताप ने कहा, "ठाकरे को राहुल गांधी की आलोचना करने का कोई अधिकार नहीं है। मनसे राजनीतिक दल के रूप में समाप्त हो गई है।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।