1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. पुलिस हिरासत में अश्लील इशारा करती दिखी सिया गोयल, केतन अग्रवाल मर्डर केस में जुटाए जा रहे नए सबूत

पुलिस हिरासत में अश्लील इशारा करती दिखी सिया गोयल, केतन अग्रवाल मर्डर केस में जुटाए जा रहे नए सबूत

 Published : Jul 03, 2026 12:37 pm IST,  Updated : Jul 03, 2026 12:37 pm IST

पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड में आरोपी सिया गोयल ने पुलिस हिरासत के दौरान कथित तौर पर मीडिया को मिडिल फिंगर दिखाया, जिसका वीडियो वायरल हो गया है। पुलिस इस मामले में हत्या की साजिश से जुड़े नए सबूत जुटा रही है, रिहर्सल स्थल की जांच कर चुकी है और पॉलीग्राफ टेस्ट की अनुमति मांग चुकी है।

Siya Goyal, Ketan Agrawal Murder Case, Pune Crime News- India TV Hindi
पुलिस की हिरासत में सिया गोयल ने मीडिया की तरफ अश्लील इशारा किया। Image Source : X/@MEGHUPDATES/REPORTER

पुणे: महाराष्ट्र के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में मुख्य आरोपी सिया गोयल एक बार फिर विवादों में आ गई है। पुलिस जांच के दौरान जब पुणे ग्रामीण पुलिस उसे उसके घर लेकर गई, तब बाहर मौजूद मीडियाकर्मियों की ओर उसने कथित तौर पर अश्लील इशारा (मिडिल फिंगर दिखाया) किया। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। वहीं, पुलिस इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड की जांच में लगातार नए सबूत जुटा रही है।

मीडिया के सामने किया अश्लील इशारा

2 जुलाई को पुणे ग्रामीण पुलिस जांच के सिलसिले में 20 साल की सिया गोयल को पुणे के लुल्ला नगर स्थित उसके घर लेकर गई थी। जांच पूरी होने के बाद जब पुलिस उसे बाहर लेकर आई, तब वहां बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी मौजूद थे। इसी दौरान सिया गोयल ने कथित तौर पर मीडिया की ओर मिडिल फिंगर दिखाया। घटना कैमरे में कैद हो गई और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। उस समय सिया ने अपने चेहरे को प्रिंटेड स्कार्फ से ढका हुआ था और उसने काली टी-शर्ट पहन रखी थी।

पुलिस ने रिहर्सल वाली जगह भी दिखाई

गुरुवार को पुलिस सिया गोयल को उस स्थान पर भी लेकर गई, जहां जांच के अनुसार उसने अपने कथित प्रेमी और सह-आरोपी चेतन चौधरी के साथ वारदात से पहले हत्या की योजना का रिहर्सल किया था। पुणे ग्रामीण पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जांच में सामने आया है कि सिया और चेतन ने लुल्लानगर स्थित एक क्लब के पास पहाड़ी जैसी जगह पर यह प्रैक्टिस की थी कि लोहागढ़ किले की चट्टान से केतन अग्रवाल को कैसे धक्का दिया जाएगा। पुलिस के मुताबिक, यह रिहर्सल मई महीने में की गई थी।

पॉलीग्राफ टेस्ट कराने की तैयारी

पुणे ग्रामीण पुलिस ने सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी का पॉलीग्राफ (लाई डिटेक्टर) टेस्ट कराने के लिए वडगांव मावल अदालत में अनुमति मांगी है। पॉलीग्राफ टेस्ट के दौरान पूछताछ के समय व्यक्ति के रक्तचाप, नाड़ी, सांस लेने की गति और पसीने जैसी शारीरिक प्रतिक्रियाओं को रिकॉर्ड किया जाता है। पुलिस अधिकारी ने बताया, 'अदालत पहले दोनों आरोपियों को नोटिस जारी करेगी और उनकी सहमति दर्ज करेगी। इसके बाद ही आगे की प्रक्रिया पूरी होगी। फिलहाल यह प्रक्रिया जारी है।'

सिया के घर से बरामद हुए कपड़े

जांच के दौरान पुलिस ने पुणे के मार्केट यार्ड स्थित सिया गोयल के घर की तलाशी ली। यहां से पुलिस ने वे कपड़े बरामद किए हैं, जिन्हें उसने कथित तौर पर 18 जून, यानी घटना वाले दिन पहना था। पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान बड़ी मात्रा में तकनीकी और डिजिटल साक्ष्य भी जुटाए गए हैं। इन सभी सबूतों का विश्लेषण किया जा रहा है और उनका मिलान अन्य साक्ष्यों से किया जा रहा है।

क्या है केतन अग्रवाल हत्याकांड?

20 वर्षीय सिया गोयल और 22 वर्षीय चेतन चौधरी पर आरोप है कि उन्होंने 18 जून को पुणे जिले के लोहागढ़ किले पर 25 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल को चट्टान से धक्का देकर हत्या कर दी। केतन अग्रवाल और सिया गोयल की सगाई हो चुकी थी और दोनों की शादी इसी साल नवंबर में होने वाली थी। घटना के बाद पुलिस ने सिया और चेतन दोनों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को 3 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है।

ये भी पढ़ें:

आखिर केतन अग्रवाल को धक्का किसने दिया? आरोपी सिया का लाई-डिटेक्टर टेस्ट कराने की इजाजत लेने कोर्ट पहुंची पुलिस

केतन अग्रवाल का एक और VIDEO आया सामने, कंपनी की मीटिंग में पिता के साथ कामकाज में पूरी तरह दिखा तत्पर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।