1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. पत्नी के सामने अपमान का खौफनाक बदला: कलयुगी बेटे ने मूसल से वार कर माता-पिता को उतारा मौत के घाट

पत्नी के सामने अपमान का खौफनाक बदला: कलयुगी बेटे ने मूसल से वार कर माता-पिता को उतारा मौत के घाट

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : May 15, 2026 07:47 pm IST,  Updated : May 15, 2026 07:50 pm IST

महाराष्ट्र के धुले में एक युवक को अपने माता-पिता की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि पत्नी के सामने डांटने से युवक माता-पिता से नाराज हो गया था।

मृतक की फाइल फोटो- India TV Hindi
मृतक की फाइल फोटो Image Source : REPORTER

महाराष्ट्र के धुले जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के शिरपुर शहर में पत्नी के सामने कथित तौर पर अपमानित किए जाने से नाराज एक बेटे ने अपने ही माता-पिता की मूसल से सिर पर वार कर निर्मम हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड से पूरा शिरपुर और आसपास का इलाका दहल उठा है।

बेटी की शादी के बाद घर लौटा था परिवार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह खौफनाक वारदात शिरपुर की महावीर सोसाइटी में दोपहर करीब दो बजे के आसपास घटी। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग दंपति, पिता इंदाराम और मां रंजू देवी, अपनी बेटी की शादी का कार्यक्रम खुशी-खुशी संपन्न कराकर आज ही घर वापस लौटे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर माता-पिता ने बेटे को उसकी पत्नी के सामने कुछ कह दिया। पत्नी के सामने हुए इस अपमान को बेटे ने इस कदर बुरा माना कि उसने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। गुस्से में आगबबूला होकर उसने घर में रखे मूसल से अपने ही जन्मदाताओं के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस भीषण और अचानक हुए हमले में इंदाराम और रंजू देवी दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

स्थानीय लोगों ने युवक को किया पुलिस के हवाले

वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारा बेटा मौके से फरार होने की फिराक में था। हालांकि, वारदात की भनक लगते ही आसपास के सतर्क नागरिकों ने उसे भागने से पहले ही दबोच लिया। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और आरोपी बेटे को पुलिस के हवाले कर दिया। ​जिस घर में कुछ देर पहले तक बेटी की शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब मातम पसर गया है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में गहरा सदमा है। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है और शवों को कब्जे में लेकर मामले की आगे की जांच कर रही है।

रिपोर्ट- उबैद कादरी, धुले

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।