1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. करनाल के पॉश इलाके में दिनदहाड़े मर्डर, बिजली विभाग की महिला क्लर्क के सिर में मारी गोली

करनाल के पॉश इलाके में दिनदहाड़े मर्डर, बिजली विभाग की महिला क्लर्क के सिर में मारी गोली

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : May 15, 2026 06:34 pm IST,  Updated : May 15, 2026 06:40 pm IST

हरियाणा के करनाल में बिजली विभाग की एक महिला कर्मचारी की उसके घर के बाहर हत्या हो गई। रिहायशी इलाके में दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद इलाके में भय और तनाव का माहौल है। वहीं डिंपल अरोड़ा के परिचितों और कर्मचारी संगठनों में भारी रोष देखा जा रहा है।

करनाल के पॉश इलाके में दिनदहाड़े मर्डर- India TV Hindi
करनाल के पॉश इलाके में दिनदहाड़े मर्डर Image Source : REPORTER

करनालः करनाल के पॉश सेक्टर-9 में शुक्रवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बिजली विभाग में कार्यरत महिला क्लर्क और कर्मचारी यूनियन की प्रधान डिंपल अरोड़ा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हेलमेट पहने एक हमलावर आया, सिर में गोली मारी और कुछ ही सेकंड में मौके से फरार हो गया। पूरी वारदात आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है, जिसके बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

घर के बाहर हुआ हमला

जानकारी के अनुसार, डिंपल अरोड़ा दोपहर के समय लंच ब्रेक में खाना खाने के लिए अपने घर आई थीं। जैसे ही वह घर के बाहर पहुंचीं, उसी दौरान एक बाइक सवार युवक वहां आया और बेहद करीब से उनके सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर नीचे गिर पड़ीं, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।

 CCTV फुटेज में वारदात कैद

वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में हेलमेट पहना हुआ युवक वारदात को अंजाम देता दिखाई दे रहा है। फुटेज में आरोपी बेहद तेजी और सुनियोजित तरीके से हमला करता नजर आ रहा है। पुलिस अब इसी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान में जुटी हुई है। 

 कई एंगल से जांच शुरू 

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू की गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्च्युरी भिजवाया गया। पुलिस आसपास के कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है और आरोपी के फरार होने के रास्तों की भी पड़ताल की जा रही है। 

 जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगा हत्या का कारणः एसपी  

घटनास्थल पर पहुंचे करनाल पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणिया ने मीडिया से बातचीत में बताया कि महिला के सिर में गोली लगने से उसकी मौत हुई है। शुरुआती जांच में यह साफ हुआ है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने गोली मारकर हत्या की है। एसपी ने बताया कि मृतका डिंपल अरोड़ा बिजली बोर्ड में कार्यरत थीं और लंच टाइम में घर आई हुई थीं। उसी दौरान बाइक सवार हमलावर ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और जल्द आरोपी तक पहुंचने का दावा कर रही है।

रिपोर्ट- अमित भटनागर, करनाल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।