1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. बीड की मस्जिद में विस्फोट, गिरफ्तार दोनों आरोपियों पर लगाया गया UAPA

बीड की मस्जिद में विस्फोट, गिरफ्तार दोनों आरोपियों पर लगाया गया UAPA

 Edited By: Amar Deep
 Published : Apr 06, 2025 03:26 pm IST,  Updated : Apr 06, 2025 03:26 pm IST

महाराष्ट्र के बीड जिले में मस्जिद में हुए विस्फोट मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ यूएपीए लगाया गया है। इससे पहले AIMIM के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष इम्तियाज जलील ने आरोपियों के खिलाफ यूएपीए लगाने की मांग की थी।

गिरफ्तार आरोपियों पर लगा यूएपीए।- India TV Hindi
गिरफ्तार आरोपियों पर लगा यूएपीए। Image Source : INDIA TV

मुंबई: महाराष्ट्र के बीड जिले में ईद पर एक मस्जिद में विस्फोट का मामला सामने आया था। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार भी किया था। वहीं अब गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने 'आतंकवादी कृत्य' के लिए गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (UAPA) और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा लगाई है। अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी दी। बीड पुलिस ने शुरू में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। जांच के बाद अब पुलिस ने बीएनएस धारा 113 (आतंकवादी कृत्य) और यूएपीए की धारा 15, 16 और 18 जोड़ दी हैं। 

जिलेटिन की छड़ों से किया विस्फोट

दरअसल, ईद-उल-फित्र की पूर्व संध्या पर 30 मार्च को गेवराई तहसील के अर्ध मसला गांव की एक मस्जिद में विस्फोट का मामला सामने आया है। आरोपियों ने जिलेटिन की छड़ों का उपयोग करके इस घटना को अंजाम दिया था। यह घटना कथित तौर पर जुलूस के दौरान दो समूहों के बीच हुए विवाद के बाद घटी, जिसके बाद दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने विस्फोट के कुछ ही घंटों के भीतर स्थानीय निवासी विजय राम गव्हाने (22) और श्रीराम अशोक सागड़े (24) को गिरफ्तार कर लिया था। 

AIMIM ने उठाई थी मांग

कुछ दिन पहले पूर्व सांसद और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष इम्तियाज जलील ने बीड की मस्जिद में हुए ब्लास्ट के गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ यूएपीए लगाने की मांग की थी। उन्होंने कहा कि बीड जिले में एक मस्जिद के अंदर जिलेटिन की छड़ें रखने और विस्फोट करने के आरोप में गिरफ्तार दो लोगों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम लगाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘अगर कोई मुसलमान छोटी सी घटना के लिए भी जिम्मेदार होता है तो उसके घर को बुलडोजर से गिरा दिया जाता है। लेकिन अगर हमारे धार्मिक स्थल को विस्फोटक का इस्तेमाल करके नुकसान पहुंचाया जाता है तो यूएपीए लागू नहीं होता। कानून सभी के लिए समान होना चाहिए।’’ 

क्या होता है UAPA?

बता दें कि UAPA का फुल फॉर्म Unlawful Activities (Prevention) Act होता है। इसका मतलब "गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम" होता है। इस कानून का मुख्य काम आतंकी गतिविधियों को रोकना होता है। इस कानून के तहत पुलिस ऐसे आतंकियों, अपराधियों या अन्य लोगों को चिह्नित करती है, जो आतंकी ग​तिविधियों में शामिल होते हैं। इस मामले में एनआईए यानी राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को काफी शक्तियां होती है। यहां तक कि एनआईए महानिदेशक चाहें तो किसी मामले की जांच के दौरान वह संबंधित शख्स की संपत्ति की कुर्की-जब्ती भी करवा सकते हैं। (पीटीआई इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

'रामनवमी के अवसर पर रामेश्वरम आकर बहुत खुश हूं, सुशासन की प्रेरणा राष्ट्र निर्माण का बड़ा आधार'- PM मोदी

तमिलनाडु को PM मोदी ने दी सौगात, भारत के पहले वर्टिकल लिफ्ट समुद्री ब्रिज का किया उद्घाटन, जानिए खासियत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।