मुंबई में आगामी चुनावों को लेकर कांग्रेस गठबंधन के भीतर शामिल वंचित बहुजन आघाड़ी (VBA) को बड़ा झटका लगा है। प्रकाश आंबेडकर के नेतृत्व वाली VBA मुंबई में उसे दी गई सीटों में से 16 सीटों पर अपने उम्मीदवार तय करने में असफल रही है।
VBA को मिली थी 62 सीटें
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस के साथ हुए सीट बंटवारे के तहत VBA को मुंबई में कुल 62 सीटें दी गई थीं, हालांकि, उपयुक्त उम्मीदवारों की कमी और कुछ संभावित प्रत्याशियों के दस्तावेज पूरे न होने के कारण VBA इन सीटों पर नामांकन नहीं कर सकी। बताया जा रहा है कि VBA ने कांग्रेस नेतृत्व को सूचित कर दिया है कि 16 सीटों पर कांग्रेस अपने प्रत्याशी मैदान में उतार सकती है। इसके बाद कांग्रेस ने मुंबई में उम्मीदवारों की सूची को और मजबूत किया है।
कांग्रेस ने की 143 उम्मीदवारों की घोषणा
अब तक कांग्रेस ने मुंबई में 143 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। वहीं VBA कुल 46 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इसके अलावा गठबंधन की कुछ सीटें अन्य सहयोगी दलों जैसे वाम दलों और राष्ट्रीय समाज पार्टी (RSP) को भी दी गई हैं। इस तरह कांग्रेस, VBA और अन्य सहयोगी मिलकर कुल 195 सीटों पर चुनावी मैदान में हैं।
VBA ने खबरों का किया खंडन
कांग्रेस और वंचित बहुजन आघाडी को मुंबई में कुछ सीटों पर उम्मीदवार न मिलने की बात को VBA ने नकार दिया है। पार्टी ने कहा कि आज शाम जब लिस्ट आएगी तो मुंबई की सभी सीटों पर कांग्रेस वंचित के गठबंधन के उम्मीदवार होंगे। वंचित बहुजन आघाडी के प्रवक्ता सिद्धार्थ मोकले का कहना है कि शुरुआत में जिन सीटों पर चर्चा हुई थी उस पर बातचीत हुई और कुछ सीटों पर कांग्रेस और वंचित दोनों के उम्मीदवार इच्छुक थे इसलिए थोड़ा समय लगा लेकिन बातचीत पूरी हो गई है और आज शाम जब चुनाव आयोग की तरफ से लिस्ट जारी होगी तो आप देखेंगे कांग्रेस और वंचित बहुजन आघाडी के सभी 227 सीटों पर उम्मीदवार रहेंगे।
आज शाम तक यह निश्चित हो पाएगा कि मुंबई में कांग्रेस और वंचित बहुजन के बीच कितने सीटों का फार्मूला है और उसके औपचारिक आंकड़े क्या है। हालांकि अगर इस गठबंधन में शुरुआती समीकरण की बात की जाए तो कांग्रेस 150 सीट और वंचित बहुजन 62 सीटों पर चुनाव लड़ने वाली थी।