चोरी करने के लिए चोर अजीब-अजीब तरह के हथकंडे अपनाते हैं। इन दिनों एक ऐसा ही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स चलते ट्रक से बकरी चोरी कर रहा है। वीडियो नासिक-मुंबई हाईवे के नासिक ग्रामीण के घोटी गांव का बताया जा रहा है। दरअसल, रात में ट्रक में भरकर बकरी ले जाया जा रहा था। इस दौरान बकरियों को चुराने के लिए शख्स ने ऐसी तरकीब अपनाई कि देखने वाले के होश उड़ गए।
Related Stories
गैंग की गाड़ी में कूद जाता है शख्स
दरअसल, वीडियो में देखा जा सकता है कि हाईवे पर ट्रक तेजी से दौड़ता नजर आ रहा है। इस बीच, ट्रक से एक के बाद एक बकरियां गिरती जा रही हैं। वीडियो में एक शख्स ट्रक के ऊपर खड़ा दिखाई देता है, जो एक-एक कर बकरियों को ट्रक से नीचे सड़क पर फेंक रहा है। इस दौरान शख्स के गैंग के कई लोग ट्रक के पीछे-पीछे गाड़ी लेकर चल रहे हैं। कई बकरियों को ऊपर से नीचे फेंकने के बाद शख्स ट्रक से सहारा लेकर उतरते हुए गैंग की गाड़ी में कूद जाता है।
वीडियो सामने आने के बाद मामला दर्ज
किसी ने इस चोरी के वीडियो को रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जिसके बाद ये वीडियो वायरल हो गया। अब वीडियो सामने आने के बाद घोटी पुलिस स्टेशन ने मामले को संज्ञान में लेते हुए आईपीसी की धारा अधिनियम 1960 के अनजान शख्स पर केस दर्ज किया है। शिकायत आज सोमवार शाम को दर्ज की गई।
-रिपोर्ट/चिराग शर्मा